गोरखपुर में गांधी जयंती पर चला स्वच्छता अभियान:लोगों ने साफ-सफाई का संकल्प लिया, बोले- गांव से बनेगा स्वस्थ भारत
गोरखपुर के जंगल कौड़ियां में गांधी जयंती पर गुरुवार को स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वच्छ भारत मिशन की 12वीं वर्षगांठ के मौके पर हुए इस आयोजन में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने हिस्सा लिया। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चले अभियान के दौरान ग्रामीणों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीरों पर फूल चढ़ाकर की गई। इसके बाद भारत माता की जय के नारे लगाए गए। ग्रामीणों ने स्वच्छता को अपनी दिनचर्या में शामिल करने और गांव को साफ रखने का संकल्प लिया। साफ-सफाई से दूर रहेंगी बीमारियां कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रधान प्रतिनिधि बीएन सिंह ने कहा कि स्वच्छता का सीधा संबंध अच्छी सेहत से है। घर और आसपास सफाई रखने से बीमारियों का खतरा कम होता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने गांव को स्वच्छ रखने में जिम्मेदारी निभाने की अपील की। खंड प्रेरक आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज और देश के लिए योगदान देने का मौका है। उन्होंने लोगों से आगे भी ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने को कहा। हर व्यक्ति की भागीदारी से बदलेगी गांव की तस्वीर पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के मीडिया प्रभारी राजकुमार और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यभान सिंह ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। अगर हर व्यक्ति अपने घर, गली और मोहल्ले को साफ रखे, तो पूरा गांव स्वच्छ बन सकता है। कार्यक्रम का संचालन आशीष कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान पंचायत सहायक ममता गुप्ता, बोधराज, अजय, विनय, गरिमा दस्ता के सदस्य और सफाई कर्मचारी रवि, रामसकल व महेंद्र समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। हर दिन सफाई रखने की अपील कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों से अपील की गई कि वे सिर्फ विशेष अभियानों या त्योहारों के दौरान ही नहीं, बल्कि रोजाना साफ-सफाई का ध्यान रखें। साथ ही, अपने आसपास कचरा नहीं फैलाने और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करने का संदेश दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)