गोरखपुर में कहीं सड़कें डूबी, कहीं घुसा घरों में पानी:बाइक-स्कूटी बंद; पैंट मोड़कर पानी में गाड़ी ढकेलते दिखे लोग

Sep 26, 2026 - 21:12
0
गोरखपुर में कहीं सड़कें डूबी, कहीं घुसा घरों में पानी:बाइक-स्कूटी बंद; पैंट मोड़कर पानी में गाड़ी ढकेलते दिखे लोग
गोरखपुर में शनिवार को सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश शाम करीब चार बजे के बाद अचानक मूसलाधार हो गई। करीब दो घंटे की तेज बारिश से शहर के कई प्रमुख इलाके जलमग्न हो गए। गोलघर, हरिओमनगर और विजय चौक जैसे व्यस्त इलाकों में सड़क पर घुटने तक पानी भर गया। कई जगह बाइक और स्कूटी पानी में बंद हो गईं। लोग पैंट मोड़कर पानी के बीच से गुजरते और अपनी बंद गाड़ियां खींचते नजर आए। शास्त्रीनगर में सड़कों के साथ कई घरों में पानी घुस गया, जबकि कुछ घरों के किचन तक पानी पहुंच गया। देखिए बारिश की 2 तस्वीरें दो घंटे में 100 एमएम से ज्यादा बारिश शनिवार शाम करीब दो घंटे में 100 एमएम से अधिक बारिश दर्ज होने की बात सामने आई है। तेज बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। लगातार पानी गिरने से नालियां और जलनिकासी के रास्ते भी दबाव में आ गए। मौसम वैज्ञानिकों ने शनिवार रात और रविवार को भी इसी तरह मौसम रहने की संभावना जताई है। ऐसे में शहर में जलभराव की स्थिति और बढ़ने की आशंका बनी हुई है। गोलघर और हरिओमनगर में पार्किंग तक डूबी शहर के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों गोलघर और हरिओम नगर में सड़क पर घुटने तक पानी भर गया। पार्किंग में खड़ी कारों और स्कूटी का आधा हिस्सा पानी में डूब गया। कई वाहन पानी में फंसने के बाद बंद हो गए। लोगों को मजबूरी में अपनी गाड़ियां छोड़कर पैदल पानी से निकलना पड़ा। कई लोग पैंट मोड़कर सड़क पार करते दिखाई दिए। बाइक-स्कूटी के साइलेंसर में घुसा पानी जलभराव वाले रास्तों से निकलने की कोशिश में कई बाइक और स्कूटी पानी में बंद हो गईं। पानी साइलेंसर तक पहुंचने के बाद वाहनों ने काम करना बंद कर दिया। इसके बाद वाहन चालकों को पानी में उतरकर अपनी बाइक और स्कूटी खींचनी पड़ी। धर्मशाला से ट्रांसपोर्ट नगर तक जलभराव धर्मशाला इलाके में सड़क से लेकर पुलिया तक पानी भर गया। वहीं बेतियाहाता स्थित मुंशी प्रेमचंद पार्क के सामने की सड़क भी पूरी तरह जलमग्न हो गई। पार्क से लेकर ट्रांसपोर्ट नगर की ओर जाने वाले रास्ते पर भी काफी पानी जमा हो गया। इस वजह से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शास्त्रीनगर में घरों तक पहुंचा पानी शास्त्रीनगर इलाके में बारिश के बाद हालात और खराब हो गए। यहां सड़क पर पानी भरने के साथ कई घरों के अंदर भी पानी घुस गया। कुछ घरों की रसोई तक पानी पहुंचने से लोगों को काफी परेशानी हुई। घरों से बाहर निकलने और आने-जाने में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिन में अधिकारियों ने देखा था जलभराव, शाम को फिर डूबे इलाके शनिवार दिन में कमिश्नर और नगर आयुक्त ने शहर के अलग-अलग जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया था। जिन स्थानों पर दिन में अधिकारियों ने जलनिकासी की स्थिति देखी थी, शाम की तेज बारिश के बाद वही इलाके दोबारा पानी में डूब गए। बारिश तेज होने के बाद शहर के कई हिस्सों से जलभराव की तस्वीरें सामने आने लगीं। सुबह से पेड़ और बिजली के पोल गिरने की भी समस्या बारिश के साथ शनिवार को शहर में पेड़ गिरने और बिजली के पोल टूटने की घटनाएं भी सामने आईं। अलग-अलग इलाकों में पेड़ गिरने से रास्ते प्रभावित हुए। कई जगह बिजली आपूर्ति पर भी इसका असर पड़ा। नगर आयुक्त बोले- पंपिंग स्टेशन लगातार चलाने के निर्देश नगर आयुक्त ने बताया कि सभी पंपिंग स्टेशनों को लगातार मशीनें चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शनिवार को शहर में बहुत अधिक बारिश हुई है। इतनी तेज बारिश में एक साथ बड़ी मात्रा में पानी आने के कारण जलनिकासी में समय लग रहा है। पानी निकालने में करीब एक से दो घंटे का समय लग सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User