गोरखपुर में करंट लगने से किशोर की मौत:सूचना के बाद भी सड़क से नहीं हटाया गया बिजली का तार, लापरवाही पर भड़के लोग
गोरखपुर के राप्तीनगर न्यू उपकेंद्र से जुड़े भाऊराव देवरस कॉलोनी में शनिवार सुबह करीब 10 बजे एक ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। सड़क पर गिरे बिजली के तार ने 11 साल के मासूम हेमराज यादव की जिंदगी छीन ली। साइकिल से जा रहा हेमराज अनजाने में करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दरअसल, बिजली का तार पहले ही टूटकर सड़क पर गिर चुका था। इसकी जानकारी तुरंत बिजली निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को दे दी गई थी। बावजूद इसके न तो बिजली सप्लाई बंद की गई और न ही तार हटाया गया। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो यह हादसा टल सकता था। लापरवाही ने छीन ली मासूम की जिंदगी घटना के समय इलाके में सामान्य आवाजाही चल रही थी। हेमराज अपनी साइकिल से गुजर रहा था, तभी वह सड़क पर पड़े करंट वाले तार की चपेट में आ गया। तेज करंट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही पलों में उसकी सांसें थम गईं। हेमराज का परिवार बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर है। उसकी मां दूसरों के घरों में चौका-बर्तन कर किसी तरह घर चलाती है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां बेसुध हो गई। घर में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया। बिजली उपकेंद्र पर फूटा गुस्सा मासूम की मौत की खबर मिलते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में नागरिकों ने राप्तीनगर न्यू उपकेंद्र का घेराव कर दिया। आक्रोशित भीड़ को देख बाहर मौजूद कई कर्मचारी मौके से भाग गए, जबकि अंदर कुछ कर्मचारी फंसे रहे। लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कार्रवाई की मांग की। मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस पर भी परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा देखने को मिला। वहां भी जमकर हंगामा हुआ और बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग उठी। माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया। हालात बिगड़ने पर पहुंची पुलिस स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस मौके पर पहुंच गई और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। नगर निगम के पार्षद चंदू पासवान ने इस घटना को बिजली विभाग की घोर लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि जब पहले ही सूचना दे दी गई थी, तो विभाग ने समय रहते कदम क्यों नहीं उठाया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। जांच के बाद होगी कार्रवाई
बिजली विभाग के एक्सईएन अभिषेक कुमार ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे इलाके में गम और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोग पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सभी की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)