गोरखपुर रेलवे चिकित्सालय में स्वास्थ्य संगोष्ठी:विश्व हृदय दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, संतुलित आहार व व्यायाम की सलाह
गोरखपुर में ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय में मंगलवार को विश्व हृदय दिवस के अवसर पर बहिरंग प्रखंड में संगोष्ठी आयोजित की गई। इसका उद्देश्य लोगों को हृदय स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में चिकित्सा निदेशक डॉ. मो. ए.ए. खान, वरिष्ठ चिकित्सक, चिकित्सा कर्मी, मरीज और उनके परिजन मौजूद रहे।
चिकित्सा निदेशक डॉ. मो. ए.ए. खान ने कहा कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, स्वस्थ दिनचर्या और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विश्व हृदय दिवस का उद्देश्य आमजन को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
अवर मुख्य स्वास्थ्य निदेशक डॉ. एम. नाथ ने हृदय रोगों से बचाव के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि, चिकित्सकीय परामर्श और तनावमुक्त जीवनशैली के महत्व पर जानकारी दी। वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. नंद किशोर प्रसाद ने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण हृदय संबंधी बीमारियों का जोखिम बढ़ रहा है। उन्होंने संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने और अनावश्यक तनाव से बचने की सलाह दी।
संगोष्ठी में मरीजों और उनके परिजनों ने हृदय स्वास्थ्य व आहार से संबंधित सवाल पूछे, जिनका वरिष्ठ चिकित्सकों ने सरल तरीके से जवाब दिया। कार्यक्रम के माध्यम से ‘स्वस्थ हृदय, स्वस्थ जीवन’ का संदेश दिया गया। अवर मुख्य स्वास्थ्य निदेशक/प्रशासन डॉ. उमेश मौर्य ने आभार व्यक्त किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)