गोवंशों की मौत का मामला शासन तक पहुंचा:पशुधन मंत्री गौशाला पहुंचे; बोले- BDO से CVO तक, दोषी कोई नहीं बचेगा
बदायूं में गोवंशों की मौत का मामला शासन तक पहुंचने के बाद गुरुवार दोपहर 2 बजे पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह म्याऊं ब्लॉक की अभिगांव गौशाला पहुंचे। मंत्री के निरीक्षण में यहां भी व्यवस्थाओं में खामियां मिलीं। खास बात यह रही कि गोवंशों की मौत और गौशाला की अव्यवस्थाओं की जानकारी अफसरों को पहले से थी। व्यवस्थाएं दुरुस्त दिखाने की कोशिश के बावजूद मौके पर स्थिति पूरी तरह ठीक नहीं मिली। मंत्री ने बीडीओ, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों की भूमिका की कड़ी जांच और दोष मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही। निरीक्षण में सामने आईं व्यवस्थाओं की खामियां अभिगांव गौशाला में निरीक्षण के दौरान मंत्री ने व्यवस्थाओं की जानकारी ली। गोवंशों की मौत के मामले में उन्होंने कहा कि गौशाला में काफी खामियां थीं और इनकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की है। उन्होंने बीडीओ और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी की भूमिका की भी जांच कराने की बात कही। बोले- गलती मिलने पर किसी को नहीं बख्शेंगे पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि मामले की कड़ी जांच कराई जाएगी। बीडीओ, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों की जो भी गलती सामने आएगी, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। एनजीओ के संचालन पर भी मंत्री ने दिए संकेत गौशालाओं के संचालन में एनजीओ की भूमिका पर भी मंत्री ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि जहां भी एनजीओ की ओर से कोई दोष पाया जाएगा, वहां कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि यदि एनजीओ गौशालाओं को व्यवसायिक सोच के साथ चला रहे हैं तो सरकार उनसे गौशालाएं वापस लेकर उनका प्रबंधन खुद कर सकती है। गोवंशों की मौत के आंकड़े छिपाने पर भी बोले गोवंशों की मौत के आंकड़े छिपाए जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि किसी भी तथ्य को न छिपाया जाएगा और न झुठलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में किसी को बचाने का प्रयास नहीं किया जाएगा और वह गंभीरता से कार्रवाई कर रहे हैं। बीमार गोवंशों को दूसरी जगह भेजने के सवाल पर मांगी शिकायत अभिगांव से बीमार गोवंशों को दूसरी जगह भेजे जाने और सड़क किनारे पड़े मिलने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि अगर ऐसी कोई शिकायत है तो उन्हें इसकी जानकारी दी जाए। उन्होंने मामले में शिकायत मिलने पर कार्रवाई की बात कही। सालारपुर गौशाला का भी किया निरीक्षण अभिगांव गौशाला के बाद पशुधन मंत्री ने सालारपुर की दूसरी गौशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां गोवंशों की स्थिति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। बोले- निराश्रित गोवंश सरकार की प्राथमिकता धर्मपाल सिंह ने कहा कि सरकार निराश्रित गोवंशों को लेकर गंभीर है। उनकी प्राथमिकता है कि गोवंश भूखे न रहें, किसानों के खेतों में न जाएं और सड़कों पर न दिखाई दें। इसके लिए बड़ी गौशालाएं बनाने समेत व्यवस्थाओं को बेहतर करने का काम किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)