उधार के पैसे मांगने पर दोस्त ने की हत्या:हापुड़ में दो आरोपी गिरफ्तार, रॉड से सिर पर वार कर हत्या का आरोप
हापुड़ के सिटी कोतवाली पुलिस ने आदर्श नगर कॉलोनी निवासी अमन सागर (25) की हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उधार दिए गए 2 लाख रुपए वापस मांगने को लेकर हुए विवाद में अमन की रॉड से हमला कर हत्या की गई थी। उसका शव बदनौली फाटक के पास खेत में मिला था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल रॉड भी बरामद कर ली है। रुपए मांगने पर हुआ था विवाद गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे मामले का खुलासा करते हुए सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जसरूपनगर निवासी प्रशांत और पंकज हैं। पुलिस के मुताबिक, अमन ने प्रशांत को करीब ढाई लाख रुपए उधार दिए थे। प्रशांत कुछ रकम वापस कर चुका था, लेकिन करीब 2 लाख रुपए बाकी थे। अमन नवंबर में अपनी बहन की शादी के लिए रुपए मांग रहा था। पुलिस के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले इसी बात को लेकर अमन और प्रशांत के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान अमन ने प्रशांत को गाली दी थी। इससे नाराज प्रशांत ने अमन की हत्या की साजिश रची। रुपए लौटाने के बहाने स्कूटी से ले गया पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7 बजे प्रशांत ने रुपये लौटाने के बहाने अमन को अपनी स्कूटी पर बैठाया। मोदीनगर रोड पर उन्हें आयुष और पंकज मिले। इसके बाद तीनों अमन को बदनौली के जंगल की तरफ ले गए। पुलिस के अनुसार, जंगल में सभी ने बीयर पी। नशे की हालत में अमन से डिप्स लगाने के लिए कहा गया। जैसे ही अमन नीचे झुका, आरोपियों ने रॉड से उसके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। शव खेत में फेंककर भागे आरोपी अमन की मौत के बाद आरोपी शव को बदनौली फाटक के पास खेत में फेंककर फरार हो गए। मंगलवार सुबह खेत में अमन का शव मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के बाद प्रशांत और पंकज को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल रॉड भी बरामद की गई है। दो आरोपियों की तलाश जारी सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में आयुष और एक अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)