ग्राहक बनकर चोर ने 2 लाख के जेवर चुराए:मथुरा में दुकानदार के सामने ज्वैलरी बैग लेकर फरार,पुलिस जांच में जुटी

Sep 27, 2026 - 13:58
0
ग्राहक बनकर चोर ने 2 लाख के जेवर चुराए:मथुरा में दुकानदार के सामने ज्वैलरी बैग लेकर फरार,पुलिस जांच में जुटी
मथुरा थाना कोतवाली क्षेत्र के चौक बाजार में ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे एक शातिर चोर ने दुकानदार की आंखों के सामने ज्वैलरी से भरा बैग पार कर दिया। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बैग में करीब दो लाख रुपये कीमत के जेवर होने का दावा पीड़ित व्यापारी ने किया है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। इसके बाद पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। चौक बाजार निवासी दुकानदार आशीष सोनी के मुताबिक, बीते गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे उनकी मां ने उन्हें एक बैग दिया था। इसमें उनकी बहन की ज्वैलरी रखी हुई थी, जिसे रिपेयरिंग के लिए दिया जाना था। आशीष को उस समय बैग में ज्वैलरी रखे होने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने बैग को दुकान के काउंटर पर रख दिया। कुछ देर बाद एक व्यक्ति ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचा और बनियान खरीदने लगा। सामान लेने के दौरान आरोपी ने बड़ी सफाई से अपनी खरीदारी के पैकेट के साथ काउंटर पर रखा ज्वैलरी वाला बैग भी उठा लिया। इसके बाद वह दुकान से बाहर निकल गया। दुकानदार को उस समय चोरी की भनक तक नहीं लगी। अगले दिन आशीष की मां ने बैग के बारे में पूछा तो उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। फुटेज देखने पर चोरी की घटना का खुलासा हुआ। सीसीटीवी में एक बुजुर्ग व्यक्ति ग्राहक के रूप में दुकान में आता और ज्वैलरी वाला बैग लेकर जाता दिखाई दे रहा है। पीड़ित के मुताबिक, बैग में करीब दो लाख रुपये कीमत के जेवर थे। व्यापारी ने पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। हालांकि, रविवार को वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस फुटेज के आधार पर जांच में जुट गई है। पुलिस बैग लेकर जाने वाले व्यक्ति की पहचान और तलाश में जुटी है। पीड़ित ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी कर ज्वैलरी बरामद कराने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User