गृहिणी से वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर बनीं प्रयागराज की शेफ रंजना:1 मिनट 45 सेकेंड में 500 तरह के रायते तैयार किए, लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज
प्रयागराज में जॉर्ज टाउन की रहने वाली शेफ रंजना रावत ने अपने पाक-कला के हुनर से प्रयागराज का नाम रोशन किया है। मुजफ्फरनगर में आयोजित कार्यक्रम में 100 शेफ ने मिलकर महज 1 मिनट 45 सेकंड में 500 प्रकार के रायते तैयार किए। इस उपलब्धि को लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। रिकॉर्ड बनाने वाली टीम में प्रयागराज की रंजना रावत भी शामिल थीं। कार्यक्रम के बाद सभी प्रतिभागी शेफ को प्रमाणपत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। एक साल पहले शुरू किया पाक-कला का सफर
रंजना पिछले करीब एक वर्ष से KMCC (कविता मास्टर कुकरी क्लासेज) से जुड़ी हैं। खाना बनाने में रुचि और नए प्रयोग करने की आदत को देखते हुए उन्हें इस रिकॉर्ड कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिला। रंजना के अनुसार रिकॉर्ड बनाने से पहले सभी शेफ ने लगातार अभ्यास किया। अलग-अलग तरह के रायते कम समय में तैयार करने के लिए विशेष तैयारी की गई थी। उन्होंने बताया कि कविता मैम के मार्गदर्शन में उन्हें खाना बनाने की कई नई तकनीक सीखने का अवसर मिला। अपने हुनर को और बेहतर करने के लिए उन्होंने कानपुर जाकर प्रशिक्षण भी लिया। इसके बाद लगातार अभ्यास कर रिकॉर्ड बनाने की तैयारी की। 100 शेफ की टीम के साथ 500 रायते तैयार करने की चुनौती
रिकॉर्ड बनाने के दौरान 100 शेफ की टीम के सामने कम समय में 500 प्रकार के रायते तैयार करने की चुनौती थी। रंजना के लिए यह अनुभव किसी प्रतियोगिता से कम नहीं था। उनका कहना है कि रिकॉर्ड के समय सभी शेफ का ध्यान सिर्फ अपने काम पर था और सभी ने सकारात्मक सोच के साथ चुनौती पूरी की। रंजना ने बताया कि इस उपलब्धि के पीछे टीम के सभी सदस्यों की मेहनत और आपसी तालमेल रहा। रिकॉर्ड बनने के बाद उन्हें प्रमाणपत्र और मेडल मिला। उन्होंने इसे अपने जीवन का सबसे यादगार और गर्वपूर्ण अनुभव बताया। पति और बेटे ने बढ़ाया हौसला
रंजना अपनी सफलता का श्रेय पति श्री राम जी और बेटे उत्कर्ष रावत (रिशु) को देती हैं। उनका कहना है कि परिवार ने हमेशा उनके हुनर को प्रोत्साहित किया और आगे बढ़ने के लिए हौसला दिया। वहीं कविता मैम के मार्गदर्शन ने उनके पाक-कला के हुनर को निखारने में मदद की। रंजना का कहना है कि गृहिणी की जिम्मेदारियों के साथ अपने हुनर को आगे बढ़ाना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन परिवार के सहयोग और लगातार अभ्यास से यह संभव हो सका। अब गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य
लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज होने के बाद रंजना का अगला लक्ष्य गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह बनाना है। इसके लिए वह आगे भी नए प्रयोग और बेहतर तैयारी करना चाहती हैं। उनका कहना है कि वह अपने हुनर के जरिए देश और प्रयागराज का नाम आगे ले जाना चाहती हैं। रंजना कहती हैं कि उनके लिए सबसे खुशी की बात यह है कि एक गृहिणी के रूप में शुरुआत करने के बाद आज उनकी पहचान ‘प्रयागराज की वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर शेफ रंजना रावत’ के रूप में हो रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)