जेल में बंद कांग्रेसियों से मिले पूर्व प्रदेश अध्यक्ष:बोले- वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे, हर मोहल्ले-दीवार पर लिखेंगे वोट चोर
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के घर पर प्रदर्शन और कालिख पोतने के आरोप में जेल में बंद कांग्रेस नेताओं से मिलने कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान जिला जेल के बाहर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जेल के बाहर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चुनाव प्रक्रिया में कथित ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाते हुए विरोध जताया। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू और प्रदेश प्रभारी कुणाल चौधरी ने किया। उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारे लगाए और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। प्रदर्शन के दौरान अजय लल्लू ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार ‘वोट चोरी’ के खिलाफ आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का हर कार्यकर्ता वोट चोरी के खिलाफ सड़क पर संघर्ष कर रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता जेल जाने से डरने वाले नहीं
अजय लल्लू ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं। लोकतंत्र को बचाने के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहने का आह्वान किया। आगरा पुलिस भी सत्ता के लिए काम कर रही
अजय लल्लू ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गली, मोहल्ले और चौराहों तक अपनी बात पहुंचाएंगे। उन्होंने कहाकि हम भी खुले आम कह रहे हैं कि ज्ञानेश कुमार देश के गद्दार हैं। हमें भी जेल भेज दो। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाई। धरना-प्रदर्शन किया। इस पर उनके खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर दिया गया। आगरा पुलिस भी सत्ता के लिए काम कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर अपनी आवाज उठाती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लगातार नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जेल में बंद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ खड़े रहना तथा कथित वोट चोरी के मुद्दे को जनता के बीच ले जाना उनका आंदोलन जारी रखने का हिस्सा है। 5 अक्टूबर को फर्जी मुकदमे में जेल भेजे गए कार्यकर्ताओं के लिए प्रदर्शन किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)