हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत:बुलंदशहर के हादसे में 5 की जान गई, गांव में नहीं जले चूल्हे
कासगंज के दहेली बुजुर्ग गांव में बुलंदशहर के नरोरा में हुए सड़क हादसे के बाद मातम पसरा है। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। घटना की खबर गांव पहुंचते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। गलियों में सन्नाटा है और परिजन अपनों के शवों के आने का इंतजार कर रहे हैं। थाना सिढ़पुरा पुलिस और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतकों के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। पिता, बेटा और एक साल की पोती की मौत हादसे में रामदीन (50), उनके बेटे लोकेन्द्र (26), एक वर्षीय पोती प्रगति, बड़ी बहू बबिता (36) और कार चालक शिवशेखर मिश्रा (55) की मौत हुई है। वहीं, लोकेन्द्र की पत्नी ललिता, प्रवीण का बेटा प्रतीक और बेटी अनिका घायल हैं। उनका इलाज चल रहा है।
गांव में शवों का इंतजार, कई घरों में नहीं जले चूल्हे पोस्टमार्टम के बाद पांचों शव दहेली बुजुर्ग गांव लाए जाएंगे। ग्रामीण और परिजन अपनों के अंतिम दर्शन के लिए इंतजार कर रहे हैं। हादसे के बाद गांव के कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। हर तरफ शोक का माहौल है। एक ही परिवार के चार लोगों को खोने का दुख परिजनों के साथ पूरे गांव को झकझोर गया है। हादसे की खबर सुनकर लोग मृतकों के घर पहुंच रहे हैं और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।
दिल्ली में रहता है बड़ा बेटा, सूचना मिलते ही रवाना रामदीन का बड़ा बेटा प्रवीण दिल्ली में रहता है। हादसे की सूचना मिलने पर वह बुलंदशहर के लिए रवाना हो गया। वहीं, रामदीन की छोटी बेटी आशा को ग्रामीणों ने अभी हादसे की पूरी जानकारी नहीं दी है। परिजनों के अनुसार, शनिवार को पांचों मृतकों का अंतिम संस्कार गांव में ही किया जाएगा। फिलहाल पूरे गांव की निगाहें शवों के आने पर टिकी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)