हापुड़ में 5 बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार:कपड़े से भरा कैंटर लूटा था, एक के पैर में लगी गोली; 55 लाख के कपड़े समेत कैंटर बरामद
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में कपड़े से भरा कैंटर लूटने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शनिवार रात करीब साढ़े 12 बजे पलवाड़ा रोड पर स्वाट टीम और गढ़मुक्तेश्वर पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई। जवाबी फायरिंग में जावेद के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जबकि उसके चार साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया कैंटर और उसमें लदा करीब 55 लाख रुपए कीमत का कपड़ा बरामद हुआ है। सीओ राहुल यादव के मुताबिक बरामद कैंटर का नंबर UP23 AT 2786 है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, दो खोखे, दो जिंदा कारतूस और एक चाकू भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जावेद निवासी असमौली, संभल, हाल निवासी मुरादाबाद, अजीम, अमन, फरदीन और सुबहान निवासी कुंदरकी, मुरादाबाद के रूप में हुई है। सीओ ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से लूटा गया कैंटर, कपड़ा और अवैध हथियार बरामद हुए हैं। जावेद पर हत्या-लूट समेत कई मुकदमे पुलिस के अनुसार जावेद के खिलाफ दिल्ली, संभल और मुरादाबाद में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। दिल्ली के वेलकम थाने में भी उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का केस दर्ज बताया गया है। वहीं, अजीम पर मुरादाबाद में चोरी और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। टोल बचाने के लिए लिंक मार्ग पर मोड़ा था कैंटर कैंटर मालिक मोहम्मद अशरफ के मुताबिक 28 सितंबर की सुबह उनका कैंटर दिल्ली के गांधी नगर से व्यापारियों का कपड़ा लेकर नौगांवा सादात जा रहा था। वाहन में चालक शकील के साथ पप्पू और सौरभ भी मौजूद थे। टोल से बचने के लिए चालक ने कैंटर को लिंक मार्ग पर मोड़ दिया। बलवापुर के पास कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर कैंटर का रास्ता रोक लिया। हथियार दिखाकर बदमाशों ने कैंटर अपने कब्जे में ले लिया। चालक शकील से करीब पांच हजार रुपए और मोबाइल भी छीन लिया गया। इसके बाद बदमाशों ने शकील, पप्पू और सौरभ के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उन्हें कार में बैठा लिया। तीनों को अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र में छोड़कर बदमाश कपड़े से लदा कैंटर लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए माल की बरामदगी की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)