हरदोई में डायलिसिस पर चल रही महिला की मौत:मां ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप, इलाज के लिए जमीन बेची थी

Oct 01, 2026 - 16:00
0
हरदोई में डायलिसिस पर चल रही महिला की मौत:मां ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप, इलाज के लिए जमीन बेची थी
हरदोई में कोतवाली देहात क्षेत्र के कंथाथोक गांव में किडनी के गंभीर संक्रमण के चलते डायलिसिस पर चल रही 31 वर्षीय गुलफ्शां बानो की बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे घर पर मौत हो गई। महिला की मौत के बाद उसकी मां ने ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतका के पति शहनवाज आलम ने बताया कि दोनों की शादी वर्ष 2020 में हुई थी। शादी के करीब दो साल बाद प्रसव के दौरान बच्चे की मौत हो गई थी। इसके बाद से गुलफ्शां की तबीयत लगातार खराब रहने लगी। मेडिकल जांच में किडनी में गंभीर संक्रमण की पुष्टि हुई, जिसके बाद से उसका नियमित डायलिसिस चल रहा था। शहनवाज ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। पत्नी के इलाज के लिए उसने अपनी जमीन तक बेच दी और रिश्तेदारों से कर्ज भी लिया। इलाज के भारी खर्च को पूरा करने के लिए सांसद निधि से एक लाख रुपये की मदद मिली थी। इसके अलावा विधायक निधि से आर्थिक सहायता के लिए भी आवेदन किया था, लेकिन मदद मिलने से पहले ही पत्नी की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका की मां सायरा ने यूपी-112 पर कॉल कर ससुराल पक्ष पर बेटी को मारने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी समर बहादुर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User