हरदोई में कीचड़ में 900 मीटर पैदल चली गर्भवती:गांव के बाहर खड़ी रही एंबुलेंस, परेशान ग्रामीण बोले- डीएम साहब, सलेमपुर की सड़क बनवा दीजिए
हरदोई के अहिरोरी विकासखंड की ग्राम पंचायत डही के मजरा सलेमपुर में बदहाल सड़क ने स्वास्थ्य सेवाओं के दावों की पोल खोल दी। शुक्रवार दोपहर तबीयत बिगड़ने पर गर्भवती सरिता के घर तक एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। करीब 900 मीटर लंबा रास्ता कीचड़ और जलभराव से पटा होने के कारण एंबुलेंस गांव के बाहर ही खड़ी रही। ऐसे में परिजनों को गर्भवती महिला को कीचड़ भरे रास्ते पर पैदल ले जाना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। महिला की परेशानी देख भड़के ग्रामीण, किया पैदल मार्च गर्भवती महिला को कीचड़ से गुजरते देख ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने एकजुट होकर उसी जर्जर रास्ते पर पैदल मार्च किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग उठाते हुए कहा, "हरदोई डीएम साहब, सलेमपुर की सड़क बनवा दीजिए।" उनका कहना है कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। वायरल वीडियो के बाद गांव पहुंचे कांग्रेस नेता घटना का वीडियो वायरल होने के बाद शुक्रवार शाम कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडे और शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित गांव पहुंचे। दोनों नेताओं ने बदहाल सड़क का जायजा लिया और पीड़ित परिवार समेत ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जिम्मेदार अधिकारियों से मार्ग का तत्काल पक्का निर्माण कराने की मांग की। बारिश में ठप हो जाता है आवागमन, मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी ग्रामीणों के मुताबिक, सलेमपुर को जोड़ने वाला करीब 900 मीटर लंबा मार्ग लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है। बारिश के दिनों में कीचड़ और जलभराव के चलते दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है। इसका सबसे ज्यादा खामियाजा मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ता है। शुक्रवार को एंबुलेंस के गांव तक नहीं पहुंच पाने से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच पर भी सवाल खड़े हुए। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)