UP के 6 जिलों में बूंदाबांदी का अलर्ट:मौसम वैज्ञानिक बोले-अब बढ़ेगा दिन का तापमान; रात में बढ़ेगी ठंड
पश्चिमी यूपी में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह से आगरा, मथुरा और हाथरस समेत 5 शहरों में तेज हवाओं के साथ रुक-रुक कर बारिश हुई। उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर अब कमजोर पड़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में झोंकेदार हवाओं के साथ हुई बारिश के बाद अगले 24 घंटे में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, छह जिलों में हल्की बूंदाबांदी का अलर्ट जारी किया गया है। बारिश का दौर थमने के बाद दिन के तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं। इससे सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी पंजाब के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से 15 और 16 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पूर्वांचल के कुछ स्थानों पर भी छिटपुट बारिश हुई। अब इन मौसमी परिस्थितियों का प्रभाव कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश में आसमान साफ होने और बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं। दिन में बढ़ेगी गर्मी, रात में गिरेगा पारा
बारिश के बाद मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी दिखाई देगा। अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान लगभग दो डिग्री बढ़ सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। ऐसे में दिन में धूप निकलने से गर्मी महसूस हो सकती है, जबकि सुबह और रात का मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहेगा। तापमान में इस उतार-चढ़ाव के कारण लोगों को दिन और रात के मौसम में अंतर महसूस हो सकता है। किसानों को फसलों पर ध्यान देने की सलाह
बारिश के बाद मौसम शुष्क होने की संभावना को देखते हुए किसानों को खेतों में नमी की स्थिति के अनुसार कृषि कार्य करने चाहिए। धान की फसल इस समय दाना भरने से पकने की अवस्था की ओर बढ़ रही है। ऐसे में खेतों में जरूरत के अनुसार नमी बनाए रखना जरूरी है। जहां फसल पकने की अवस्था में पहुंच गई है, वहां बालियों और दानों की स्थिति देखकर कटाई की तैयारी करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)