हरदोई पुलिसलाइन में ग्राम प्रहरियों का सम्मान-मानदेय वृद्धि पर चर्चा:ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह का हुआ आयोजन, गांवों में अपराध नियंत्रण पर हुई चर्चा
हरदोई पुलिस लाइन में 13 अक्टूबर दिन मंगलवार शाम 4 बजे ग्राम प्रहरियों का जनपद स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान बरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से आयोजित 68 हजार ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों की भूमिका की सराहना की। समारोह में जिलापंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, जिलाधिकारी राहुल पांडेय,पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा और भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन सहित पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान गांवों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और पुलिस को सूचनाएं उपलब्ध कराने में ग्राम प्रहरियों के योगदान पर चर्चा की गई। अपराध नियंत्रण में ग्राम प्रहरियों की अहम भूमिका कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और विभिन्न मामलों में पुलिस को सहयोग प्रदान करने में ग्राम प्रहरियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। गांवों में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने और जरूरी सूचनाएं पुलिस तक पहुंचाने में उनका योगदान अहम है। उन्होंने कहा कि इसी भूमिका को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से ग्राम प्रहरियों के मानदेय में वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था में सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने ग्राम प्रहरियों की जिम्मेदारी और ग्रामीण स्तर पर पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनकी उपयोगिता को रेखांकित किया। समारोह में उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने ग्राम प्रहरियों के कार्यों को महत्वपूर्ण बताते हुए उनकी भूमिका पर जोर दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम प्रहरियों के योगदान को सम्मान देना और ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तथा ग्राम प्रहरियों के बीच समन्वय को महत्व देना रहा। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के माध्यम से जनपद के ग्राम प्रहरियों को भी सम्मान समारोह से जोड़ा गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)