इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन के नामांकन 29 सितंबर से होंगे शुरू:6 अक्टूबर तक भरे जाएंगे पर्चे, 7 को होगी जांच

Sep 28, 2026 - 19:21
0
इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन के नामांकन 29 सितंबर से होंगे शुरू:6 अक्टूबर तक भरे जाएंगे पर्चे, 7 को होगी जांच
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 के नामांकन की तैयारियों को लेकर सोमवार दोपहर 3 बजे से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम समीर की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में निर्वाचन कार्यक्रम, नामांकन प्रक्रिया और चुनाव से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। डीएम ने सभी राजनीतिक दलों और संबंधित पक्षों से निर्वाचन प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। डीएम ने बताया कि इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू होकर 6 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। नामांकन पत्र प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन आयुक्त, झांसी मंडल, झांसी के न्यायालय कक्ष में होगा। प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर को की जाएगी, जबकि अभ्यर्थी 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। बैठक में नामांकन के लिए निर्धारित जमानत राशि की भी जानकारी दी गई। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए जमानत राशि 10 हजार रुपये, जबकि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 5 हजार रुपये निर्धारित की गई है। जमानत राशि नकद रूप में रिटर्निंग ऑफिसर के पास अथवा भारतीय रिजर्व बैंक/सरकारी कोषागार में जमा की जा सकती है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन कार्यक्रम एवं एजेंडा की प्रति उपलब्ध कराते हुए नामांकन से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पक्षों का सहयोग आवश्यक है। बैठक में अपर डीएम (नमामि गंगे) प्रेम चन्द्र मौर्य, एसडीएम उरई उत्तम कुमार तिवारी, एसडीएम जालौन राकेश सोनी सहित भाजपा के विवेक कुशवाहा, बसपा के भगवती शरण पांचाल, सीपीआईएम के विनोद कुमार नगरिया, सपा के राजीव शर्मा व जमालुद्दीन, अपना दल (सोनेलाल) के अनिल कुदारी व रोहित राठौर, कांग्रेस के राजकुमार, आम आदमी पार्टी के विनय चौरसिया सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User