इमलियान मस्जिद के बाहर पर्चे बंटने की सूचना से खलबली:सूचना मिलते ही पहुंचे सीओ कोतवाली संग्राम सिंह, जांच में निकले हकीम के पर्चे

Oct 02, 2026 - 15:50
0
इमलियान मस्जिद के बाहर पर्चे बंटने की सूचना से खलबली:सूचना मिलते ही पहुंचे सीओ कोतवाली संग्राम सिंह, जांच में निकले हकीम के पर्चे
मेरठ में जुमे की नमाज के दौरान कोतवाली क्षेत्र की इमलियान मस्जिद के बाहर पर्चे बांटे जाने की सूचना से पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही सीओ कोतवाली संग्राम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पर्चे बांटने के संबंध में जानकारी जुटाई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए खुफिया विभाग की टीमे भी सक्रिय हो गई। पुलिस और खुफिया टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही पर्चों की भी जांच की। काफी पूछताछ और छानबीन के बाद सामने आया कि मस्जिद के बाहर बांटे जा रहे पर्चे किसी विवादित या आपत्तिजनक सामग्री से जुड़े नहीं थे, बल्कि एक हकीम के उपचार संबंधी पर्चे थे। इसकी पुष्टि होने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली। अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी जुटाने के बाद स्थिति को सामान्य पाया। जुमे की नमाज को लेकर पुलिस पहले से अलर्ट दरअसल, जुमे की नमाज को लेकर मेरठ पुलिस पहले से ही अलर्ट मोड पर रहती है। संवेदनशील इलाकों में नमाज स्थलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहें। सभी प्रमुख मस्जिदों पर रही फोर्स तैनात कोतवाली क्षेत्र में शाही जामा मस्जिद, इमलियान मस्जिद और हौज वाली मस्जिद समेत प्रमुख नमाज स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी रही। इसके अलावा देहली गेट क्षेत्र की फैज-ए-आम मस्जिद, लिसाड़ी गेट क्षेत्र की इस्लामाबाद मस्जिद और मस्जिद रशीदिया समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस बल तैयार रखा गया। सूचना पर तत्काल सक्रिय हुआ पुलिस तंत्र इमलियान मस्जिद के बाहर पर्चे बांटे जाने की सूचना मिलते ही पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस टीम ने पर्चे बांटने वाले लोगों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। खुफिया विभाग ने भी सूचना के संबंध में पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस का फोकस यह पता लगाने पर था कि आखिर पर्चों में क्या सामग्री है और उन्हें किस उद्देश्य से बांटा जा रहा है। अवैध निर्माण के नोटिस की भी रही चर्चा इमलियान मस्जिद के बाहर पर्चे बाटे जाने की सूचना कुछ ही देर में पूरे शहर में फैल गई। इसके बाद लिसाड़ी गेट की मस्जिद हो या फिर नौचंदी क्षेत्र की मस्जिद, एक चर्चा और फैल गई। वहां किसी ने यह सूचना फैला दी कि मेरठ विकास प्राधिकरण के अवैध निर्माण से जुड़े नोटिस बाटे जा रहे हैं। काफी देर खलबली मची रही लेकिन कोई नोटिस नहीं मिला। आला अधिकारी भी रहे भ्रमणशील जुमे की नमाज के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी भी शहर में भ्रमणशील रहे। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की गतिविधियां बढ़ाई गई थीं। अधिकारियों की ओर से अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को किसी भी सूचना को नजरअंदाज नहीं करने और तत्काल मौके पर पहुंचकर सत्यापन करने के निर्देश दिए गए थे। इमलियान मस्जिद की घटना में भी पुलिस ने इसी सतर्कता के तहत तत्काल कार्रवाई की। महज पर्चे बांटे जाने की सूचना पर पुलिस और खुफिया विभाग सक्रिय हुआ और जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User