इंदिरापुरम में पुलिस मुठभेड़, स्नैचर के पैर में लगी गोली:चेन-मोबाइल स्नैचिंग का आरोपी गिरफ्तार, दिल्ली-एनसीआर में 12 से ज्यादा केस दर्ज

Oct 01, 2026 - 13:47
0
इंदिरापुरम में पुलिस मुठभेड़, स्नैचर के पैर में लगी गोली:चेन-मोबाइल स्नैचिंग का आरोपी गिरफ्तार, दिल्ली-एनसीआर में 12 से ज्यादा केस दर्ज
गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना पुलिस ने बुधवार देर रात चेन और मोबाइल स्नैचिंग करने वाले एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास कर रहा था। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि बुधवार देर रात इंदिरापुरम थाना पुलिस की टीम 5/6 पुलिया रोड पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कनावनी पुलिया की तरफ से एक व्यक्ति बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने बाइक पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया। आरोप है कि भागते समय उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी पहचान मुनासिर उर्फ मुनाजिर निवासी गरिमा गार्डन, साहिबाबाद के रूप में की। उसकी उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है। उपचार के लिए उसे अस्पताल भेजने के बाद पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली-एनसीआर और गाजियाबाद में चेन और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार करीब दो सप्ताह पहले उसने इंदिरापुरम क्षेत्र में भी चेन स्नैचिंग की घटना की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चोरी की टीवीएस बाइक और पीली धातु का एक टुकड़ा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर में लूट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और पूर्व की घटनाओं में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User