इंडिया गठबंधन और अखिलेश के भाजपा प्रेम से मुस्लिम नाराज:भाजपा सांसद के बेटे को भेजा राज्यसभा, अखिलेश का मुस्लिम विरोधी चेहरा उजागर: मौलाना शहाबुद्दीन
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने 'इंडिया' गठबंधन की बैठक और समाजवादी पार्टी द्वारा राज्यसभा प्रत्याशियों के चयन को लेकर विपक्षी दलों व अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दो टूक कहा कि विपक्षी पार्टियां मुसलमानों को सिर्फ भाजपा का डर दिखाकर वोट हासिल करना चाहती हैं, लेकिन जब कौम के हक और मसाइल की बात आती है तो सब मुंह मोड़ लेते हैं। इंडिया गठबंधन पर बरसे: बोले- 30 करोड़ मुसलमानों के मुद्दों पर राहुल-खरगे ने साधी चुप्पी
मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी ने कहा कि देश के 30 करोड़ मुसलमानों को उम्मीद थी कि दिल्ली में हुई इंडिया गठबंधन की बैठक में उनके मसाइल और परेशानियों पर चर्चा होगी। लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और ममता बनर्जी ने सिर्फ अपने स्वार्थ और सियासी गर्त को लेकर बातें कीं। देश का मुसलमान जिन गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, उन पर विपक्षी नेताओं के मुंह से एक शब्द भी नहीं निकला। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन ने मुसलमानों की तमाम हसरतों और उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। मदरसों और मजारों पर कार्रवाई का जिक्र: कहा- किसी बड़े विपक्षी नेता ने आवाज नहीं उठाई
मौलाना ने देश भर में मुस्लिम समाज से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि आज समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की तैयारी चल रही है। असम में 1200 मदरसों का दर्जा समाप्त कर दिया गया, बंगाल में शुभेंदु अधिकारी लगातार मदरसों की जांच के आदेश दे रहे हैं और उत्तराखंड में मदरसा बोर्ड खत्म कर 250 मदरसों पर ताले लगा दिए गए व 125 मजारों पर बुलडोजर चला दिया गया। इसके अलावा सहारनपुर, उज्जैन और धार भोजशाला की मस्जिदों के मामलों पर भी इंडिया गठबंधन के किसी नेता ने अपनी जुबान नहीं खोली। राज्यसभा टिकट पर भड़के: पूछा- क्या आजम खां के परिवार या पार्टी में कोई मुस्लिम चेहरा नहीं मिला?
सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा घोषित राज्यसभा प्रत्याशियों—प्रोफेसर रामगोपाल यादव और धनराज नथवानी—पर आपत्ति जताते हुए मौलाना ने कहा कि इससे अखिलेश यादव का दोहरा चरित्र और भाजपा से प्रेम खुलकर सामने आ गया है। धनराज नथवानी के पिता खुद भाजपा से राज्यसभा सांसद हैं, ऐसे में भाजपा नेता के बेटे को सपा उच्च सदन भेज रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सपा में अबू आसिम आजमी, सलीम इकबाल शेरवानी या आजम खां के परिवार में से कोई कद्दावर मुस्लिम चेहरा नहीं था ? इससे अखिलेश यादव की गुजरात लॉबी से नजदीकी और मुस्लिम कयादत को पैरों तले कुचलने की मंशा साफ जाहिर होती है। 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कौम से अपील: कहा- सपा को पूरी ताकत से शिकस्त दें
मौलाना बरेलवी ने मुस्लिम समाज से सीधी अपील करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद करीब है। अब अखिलेश यादव की मुस्लिम मुखालिफ और मुस्लिम दुश्मनी पर आधारित राजनीति पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। इसलिए कौम के लोग यह तय करें कि समाजवादी पार्टी की तरफ कोई तवज्जो या झुकाव न रखें और आगामी चुनाव में सपा को करारी शिकस्त देकर इस अनदेखी का लोकतांत्रिक जवाब दें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)