जेल की बेकरी यूनिट से बाजार पहुंचेगा बंदियों का हुनर:सांसद निधि से हुई स्थापना, अब ब्रेड के साथ बिस्कुट, केक जैसे उत्पाद होंगे तैयार
मेरठ के चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में बंदियों को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में शुक्रवार को एक और कदम बढ़ाया गया। सांसद निधि से करीब 20 लाख रुपये की लागत से तैयार बेकरी यूनिट का शुक्रवार शाम मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट के सांसद अरुण गोविल ने शुभारंभ किया। अब तक जेल में भट्ठियों के जरिये बंदी मुख्य रूप से ब्रेड तैयार कर रहे थे, लेकिन नई यूनिट से बेकरी के कई तरह के उत्पाद तैयार किए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने सांसद अरुण गोविल के स्वागत के साथ की। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। जेल पहुंचने पर सांसद को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। 20 लाख की सांसद निधि से तैयार हुई यूनिट
वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि बेकरी यूनिट की स्थापना पर करीब 20 लाख रुपये सांसद निधि से खर्च किए गए हैं। इसका उद्देश्य बंदियों को जेल में ही ऐसा हुनर उपलब्ध कराना है, जिसका इस्तेमाल वह रिहाई के बाद रोजगार हासिल करने में कर सकें। ब्रेड के साथ अब कई बेकरी उत्पाद
अभी तक जेल में उपलब्ध पुरानी भट्ठियों के माध्यम से बंदियों द्वारा मुख्य रूप से ब्रेड तैयार की जाती थी। नई यूनिट शुरू होने के बाद बंदी अब बेकरी के विभिन्न उत्पाद तैयार कर सकेंगे। इससे उन्हें उत्पादन, पैकेजिंग और बाजार से जुड़े काम का व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा। जेल से बाहर आउटलेट तक पहुंचेगा उत्पाद
जेल प्रशासन के मुताबिक, नई यूनिट में तैयार होने वाले उत्पादों को केवल कारागार की जरूरतों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। इन्हें जेल के बाहर संचालित आउटलेट पर भी डिस्प्ले किया जाएगा। इसके जरिये उत्पादों को व्यावसायिक क्षेत्र में पहचान दिलाने और बंदियों के तैयार किए सामान को बाजार तक पहुंचाने की योजना है। हुनर से पुनर्वास की राह पर बंदी
जेल प्रशासन का कहना है कि बंदियों को केवल सजा पूरी कराने के बजाय उन्हें कौशल और रोजगार से जोड़ना पुनर्वास की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बेकरी यूनिट के माध्यम से बंदियों को काम सीखने और अपने उत्पाद तैयार करने का अवसर मिलेगा। रिहाई के बाद यही प्रशिक्षण उनके लिए रोजगार का आधार बन सकता है। गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ स्वागत
बेकरी यूनिट के उद्घाटन से पहले सांसद अरुण गोविल को जिला कारागार में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ यूनिट का निरीक्षण किया और बंदियों के लिए शुरू की गई इस रोजगारपरक पहल की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बंदियों को अपराध की राहत छोड़कर सदमार्ग पर चलने का संदेश भी दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)