जेल में कैदी की मौत की जांच तेज:पोस्टमार्टम में ‘शॉक एंड हेमरेज’ आया सामने, डीआईजी जेल ने CCTV फुटेज खंगाली

Sep 30, 2026 - 20:49
0
जेल में कैदी की मौत की जांच तेज:पोस्टमार्टम में ‘शॉक एंड हेमरेज’ आया सामने, डीआईजी जेल ने CCTV फुटेज खंगाली
संतकबीरनगर जिला कारागार में चोरी के मामले में बंद कैदी टुनटुन की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की जांच तेज हो गई है। मंगलवार देर रात सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण ‘शॉक एंड हेमरेज’ यानी सदमे और अत्यधिक रक्तस्राव बताया गया है। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे अयोध्या रेंज के डीआईजी जेल शैलेंद्र कुमार मैत्रेय जिला कारागार पहुंचे। उन्होंने कई घंटे तक मामले से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जांच की। डीआईजी सबसे पहले मुलायजा बैरक पहुंचे। यहां उन्होंने टुनटुन के साथ बंद रहे कैदियों से उसकी तबीयत, व्यवहार और जेल में रहने के दौरान किसी परेशानी के बारे में जानकारी ली। जेल में दाखिले से उपचार तक के रिकॉर्ड खंगाले इसके बाद डीआईजी ने जेल अस्पताल के अभिलेखों की जांच की। टुनटुन के जेल में दाखिल होने के समय हुई मेडिकल जांच, बाद में दिए गए उपचार और स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड देखे गए। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि जेल में रहने के दौरान उसकी तबीयत में कब और क्या बदलाव आया। जेल से जिला अस्पताल तक की CCTV फुटेज जांची जांच टीम ने जेल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी देखी। टुनटुन के जेल लाए जाने से लेकर तबीयत बिगड़ने और जिला अस्पताल ले जाने तक की गतिविधियों को जांच के दायरे में रखा गया है। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड की CCTV फुटेज भी देखी गई। फुटेज में टुनटुन को जेल प्रशासन की ओर से अस्पताल लाते हुए देखा गया। बताया गया कि अस्पताल पहुंचने के बाद वह लघुशंका के लिए गया था। लौटने पर स्टाफ ने उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। अस्पताल में उसे मृत अवस्था में लाए जाने की जानकारी भी जांच का हिस्सा है। बेटी बोली- मौत से एक दिन पहले पिता ठीक थे मृतक कैदी की बेटी रूपा ने बताया कि वह मौत से एक दिन पहले अपने पिता से मिलने जेल गई थीं। उनके मुताबिक उस समय टुनटुन ठीक हालत में थे। उन्होंने बेटी से जेल में बैठकी के लिए 3 हजार रुपए भी मांगे थे। रूपा का कहना है कि उस समय पैसे नहीं होने के कारण वह रकम नहीं दे सकीं। डॉक्टर और स्टाफ को जारी हुआ नोटिस जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. रामाशंकर सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और संबंधित स्टाफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उपचार में किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। डीएम अनुज मलिक के निर्देश पर भी जांच टीम गठित की गई है। इसमें अपर जिलाधिकारी रा./वि. सत्य प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह और जेलर आरके वर्मा शामिल हैं। टीम ने जिला अस्पताल पहुंचकर सीएमएस से घटना से जुड़े बिंदुओं पर जानकारी ली। जेलर ने अस्पताल की CCTV फुटेज भी देखी। परिजनों ने लगाया था मारपीट का आरोप टुनटुन की मौत के बाद परिजनों ने गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर पिटाई का आरोप लगाया था। मृतक की बेटी ने जेल में मुलाकात के दौरान उसके शरीर पर चोट के निशान होने का दावा भी किया था। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक जेल भेजे जाने के समय की मेडिकल रिपोर्ट में चोट का उल्लेख नहीं था। अब पोस्टमार्टम में सामने आए ‘शॉक एंड हेमरेज’ के साथ शरीर पर मिली चोटों की प्रकृति और उनके कारण की जांच महत्वपूर्ण हो गई है। यह भी जांच का विषय है कि चोट कब और किन परिस्थितियों में लगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डॉक्टरों की राय से इस बारे में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। डीआईजी बोले- जांच पूरी होने के बाद भेजेंगे रिपोर्ट डीआईजी जेल शैलेंद्र कुमार मैत्रेय ने बताया कि मामले से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जांच की जा रही है। बैरक में बंद कैदियों से जानकारी लेने के साथ अस्पताल के अभिलेख, जेल में दाखिले के समय की मेडिकल रिपोर्ट और CCTV फुटेज देखी गई है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट डीजी जेल को भेजी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं होगा। फिलहाल कैदी की मौत की परिस्थितियों और शरीर पर मिली चोटों के कारणों को लेकर जांच जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User