झांसी में भंडारे के दौरान भाजपा-सपा नेताओं में मारपीट:BJP पार्षद बोले- बेटे को मारा, मेरी अंगुली तोड़ दी, पुलिस से की शिकायत
झांसी में गणेश विसर्जन के बाद आयोजित भंडारे में रविवार रात दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के चमनगंज इलाके की है। सोमवार को मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। भाजपा के स्थानीय पार्षद ने दूसरे पक्ष पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है। चमनगंज में गणेश विसर्जन के बाद रविवार शाम भंडारे का आयोजन किया गया था। भंडारे के चलते सड़क के दोनों ओर से रास्ता बंद किया गया था। पैदल आने-जाने वाले लोगों के लिए रास्ता खुला रखा गया था। इसी दौरान एक कार सवार वहां पहुंचा और बंद रास्ते से निकलने की कोशिश करने लगा। भंडारा समिति के लोगों ने उसे आयोजन की जानकारी देते हुए दूसरे रास्ते से जाने के लिए कहा। कार से निकलने को लेकर शुरू हुआ विवाद भाजपा पार्षद दिनेश प्रताप सिंह के अनुसार, कार सवार व्यक्ति दूसरे रास्ते से जाने के बजाय विवाद करने लगा। पार्षद का कहना है कि उन्होंने उसे भंडारे में प्रसाद खाने के लिए भी कहा, लेकिन वह विवाद करता रहा। इसके बाद उसने फोन कर अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि कुछ देर बाद पहुंचे लोगों ने पार्षद, उनके बेटे और वहां मौजूद अन्य लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे भंडारे में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट के दौरान किसी व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पार्षद ने सपा से जुड़े व्यक्ति पर लगाया आरोप पार्षद दिनेश प्रताप सिंह का आरोप है कि विवाद करने वाला व्यक्ति समाजवादी पार्टी से जुड़ा हुआ है और एक सपा नेता का करीबी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति से पहले भी उनका विवाद हो चुका है। हालांकि, दूसरे पक्ष का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। वीडियो से पहचान में जुटी पुलिस घटना के बाद पार्षद ने सीपरी बाजार थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस वायरल वीडियो और तहरीर के आधार पर घटना की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है। पहचान और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)