झांसी रेलवे ने पहली बार जीती NCR की 'वैजयंती शील्ड':वैगन रिपेयर वर्कशॉप का सबसे अच्छा रहा प्रदर्शन, महाप्रबंधक ने की तारीफ
झांसी के वैगन मरम्मत कारखाने ने पूरे उत्तर मध्य रेलवे में राजभाषा पखवाड़े के दौरान आयोजित राजभाषा प्रदर्शनी में पहला स्थान हासिल किया है। गुरुवार को प्रयागराज के नवप्रभा ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह के दौरान एनसीआर के महाप्रबंधक ने सबसे प्रतिष्ठित चल वैजयंती शील्ड झांसी वर्कशॉप के मुख्य प्रबंधक अजय श्रीवास्तवा को सौंपते हुए उनके कार्यों की सराहना की। पहले 2 तस्वीर देखिए… प्रयागराज में लगाए गए स्टॉल पर वैगन कारखाना झांसी की तकनीकी उपलब्धियों और नवाचारों को प्रदर्शित किया गया। इसमें कारखाने में किए गए विभिन्न प्रयोग, वर्किंग मॉडल और तकनीकी कार्यों की जानकारी दी गई। बीते दिनों वर्कशॉप ने मालगाड़ी में इस्तेमाल होने वाले गार्ड ब्रेक वान को नई शक्ल देकर उसे अधिक आरामदायक बनाने का काम भी किया था। इस बदलाव और इससे जुड़े कार्यों को भी स्टॉल पर प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग और इसके उन्नयन के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी आधुनिक और हाईटेक तरीके से प्रस्तुत किया गया। स्टॉल की प्रस्तुति और विषय-वस्तु को रेलवे के महाप्रबंधक समेत मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने सराहा। तकनीकी नवाचारों के साथ राजभाषा के प्रयोग को एक ही मंच पर प्रस्तुत किए जाने की भी अधिकारियों ने तारीफ की। समारोह के अध्यक्ष और उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने स्टॉल का बारीकी से निरीक्षण भी किया। निर्णायक पैनल में अपर महाप्रबंधक राजकुमार वानखेड़े, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी समेत विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहे। प्रतियोगिताओं में भी दिखाया दम राजभाषा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वैगन कारखाना झांसी के उत्पादन इंजीनियर समर्थ अग्रवाल को राजभाषा सम्मान से पुरस्कृत किया गया। वहीं उत्तर मध्य रेलवे की ओर से आयोजित कवि सम्मेलन में कारखाने के मोहम्मद नियाज ने प्रथम और यतीश अकिंचन ने तीसरा स्थान हासिल किया। वाक् प्रतियोगिता में मोहम्मद यूसुफ को भी सम्मानित किया गया। पहली बार मिली चल वैजयंती शील्ड
चल वैजयंती शील्ड हासिल करना वैगन कारखाना झांसी के लिए खास उपलब्धि है। कारखाने के इतिहास में यह पहला मौका है जब यह प्रतिष्ठित शील्ड उसे मिली है। अधिकारियों और कर्मचारियों में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह है। कारखाने की ओर से किए जा रहे तकनीकी नवाचारों और उन्हें प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने का यह सम्मान माना जा रहा है। तकनीक के साथ, भाषा के माहिर हैं मुख्य प्रबंधक झांसी के वैगन मरम्मत वर्कशॉप की कमान संभाल रहे मुख्य कारखाना प्रबंधक अजय श्रीवास्तव तकनीकी ज्ञान के साथ ही भाषा पर भी अच्छी पकड़ रखते हैं। बता कि वह कई किताबें भी लिख चुके हैं। साथ ही वह यूट्यूब समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी कविताओं और कहानियों को लाते रहते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)