जिला अस्पताल की सिटी स्कैन यूनिट में लगी आग:बैटरी में फाल्ट से हुआ तेज धमाका, मरीजों-तीमारदारों में मची अफरा-तफरी

Oct 01, 2026 - 15:12
0
जिला अस्पताल की सिटी स्कैन यूनिट में लगी आग:बैटरी में फाल्ट से हुआ तेज धमाका, मरीजों-तीमारदारों में मची अफरा-तफरी
जिला अस्पताल परिसर स्थित सिटी स्कैन यूनिट में गुरुवार दोपहर करीब 1.30 बजे अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि यूनिट में लगी बैटरी में अचानक फाल्ट होने के बाद तेज धमाका हुआ, जिसके बाद आग भड़क उठी। धमाके की आवाज सुनते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिटी स्कैन यूनिट में बैटरी में फाल्ट के बाद अचानक तेज आवाज हुई। इसके बाद वहां धुआं उठने लगा और आग दिखाई देने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कर्मचारियों ने जद्दोजहद करते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश की। आग लगने की घटना से अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और तीमारदारों में भी कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा। कर्मचारियों ने सतर्कता बरतते हुए स्थिति को संभाला और आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और संबंधित कर्मचारियों ने सिटी स्कैन यूनिट का निरीक्षण किया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण बैटरी में हुआ फाल्ट बताया जा रहा है। हालांकि, आग से यूनिट में कितना नुकसान हुआ है, इसकी स्थिति विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाए। आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User