जिलाधिकारी से मिला मुरादाबाद पेरेंट्स ऑफ ऑल स्कूल का प्रतिनिधिमंडल:निजी स्कूलों में शत-प्रतिशत NCERT पुस्तकें लागू करने व फीस नियंत्रण की मांग
मुरादाबाद पेरेंट्स ऑफ ऑल स्कूल के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी व अध्यक्ष, जिला शुल्क नियामक समिति से मुलाकात कर उनका बुके भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने निजी स्कूलों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों से जुड़े विभिन्न गंभीर मुद्दों को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। संघ ने मुख्य रूप से आगामी सत्र 2027-28 में निजी स्कूलों में शत-प्रतिशत एनसीईआरटी (NCERT) पुस्तकें लागू करने और मनमानी फीस वृद्धि पर रोक लगाने की मांग उठाई है। NCERT पुस्तकों की अनिवार्यता और विशेष दुकानों की बाध्यता खत्म करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने मांग रखी कि सत्र 2026-27 में जिन निजी स्कूलों ने कक्षा 1 से 12 तक NCERT के स्थान पर अन्य निजी प्रकाशकों की महंगी पुस्तकें लागू की थीं, उनकी विषयवार व कक्षावार जांच कराई जाए। साथ ही, आगामी शैक्षणिक सत्र 2027-28 में संबंधित सभी विषयों में शत-प्रतिशत NCERT पुस्तकें अनिवार्य करने के लिए समय से निर्देश जारी हों। संघ ने स्कूलों द्वारा किसी विशेष दुकान से ही किताबें, यूनिफॉर्म, जूते, मोजे और स्टेशनरी खरीदने के लिए अभिभावकों को बाध्य किए जाने की शिकायतों पर भी सख्त कार्रवाई की मांग की, जिससे अभिभावकों पर पड़ रहे अतिरिक्त आर्थिक बोझ को कम किया जा सके। अत्यधिक फीस वृद्धि की जांच और स्लैब निर्धारण की अपील
अभिभावक संघ ने जिला शुल्क नियामक समिति की पिछली बैठकों का हवाला देते हुए निजी स्कूलों द्वारा की गई फीस वृद्धि की जांच कराने की बात कही। संघ ने मांग की कि अलग-अलग फीस स्लैब निर्धारित कर अत्यधिक फीस बढ़ाने वाले स्कूलों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त, नियमों का उल्लंघन करने वाले जिन निजी स्कूलों की दोबारा जांच कराई गई है, उसकी रिपोर्ट भी सार्वजनिक करने और भविष्य में होने वाली जिला शुल्क नियामक समिति की बैठकों में अभिभावक संघ के प्रतिनिधियों को शामिल करने का अनुरोध किया गया। इस अवसर पर अनुज गुप्ता एडवोकेट, अंकित अग्रवाल, राजदीप गोयल, राजीव सिंह, आकाश रस्तोगी, प्रतीक गोयल, मनोज प्रजापति सहित अभिभावक संघ के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)