जज का नाबालिग बेटा 200kmph स्पीड से मर्सिडीज चलाता था:रील्स डिलीट कीं; केरलम में इंजीनियर की मौत पर कहा था- पहली बार कार चलाई
केरलम के कोच्चि में जज के नाबालिग बेटे की मर्सिडीज की टक्कर से इंजीनियर की मौत के मामले में नए खुलासे हुए हैं। नाबालिग ने पुलिस से कहा था कि उसने पहली बार कार चलाई और यूट्यूब से ड्राइविंग सीखी। हालांकि NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी का इंस्टाग्राम अकाउंट था, जिस पर 2,500 से ज्यादा फॉलोअर्स थे। वह अक्सर तेज स्पीड में कार चलाने की रील्स पोस्ट करता था। कुछ वीडियो में मर्सिडीज को 200 kmph तक की रफ्तार से चलाते देखा गया था। हादसे के बाद अकाउंट से पोस्ट डिलीट कर दी गईं और उसे प्राइवेट कर दिया गया। मृतक की रिश्तेदार जयलक्ष्मी थंकराज का आरोप है कि हादसे से करीब 10 मिनट पहले भी आरोपी ने तेज रफ्तार में ड्राइविंग का वीडियो पोस्ट किया था। घटना शनिवार देर रात करीब 2:20 बजे की है। उस वक्त मर्सिडीज 104 kmph की रफ्तार से चल रही थी। कार की टक्कर से स्कूटर सवार 55 साल के जयबालकृष्णन की मौत हो गई। आरोपी एडिशनल सेशन जज का 17 साल का बेटा है। कार जज के नाम पर रजिस्टर्ड है। मृतक का परिवार बोला- शरीर के टुकड़े-टुकड़े हो गए मृतक की रिश्तेदार जयलक्ष्मी थंकराज ने कहा कि जयबालकृष्णन उनके अंकल थे। वह मैकेनिकल इंजीनियर थे और अपने शौक के कारण डोसा की दुकान चलाते थे। जयलक्ष्मी ने कहा कि वह बहुत नेक इंसान थे और हादसे में उनके शरीर के टुकड़े-टुकड़े हो गए। परिवार को इस मामले में न्याय चाहिए। जयलक्ष्मी ने सरकार और पुलिस से आरोपी का पासपोर्ट और दूसरे दस्तावेज जब्त करने की मांग की। उनका कहना है कि आरोपी प्रभावशाली परिवार से है और देश छोड़कर भाग सकता है। उन्होंने अधिकारियों से आरोपी के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का आरोप लगाने और गंभीर धाराएं जोड़ने की भी मांग की। परिवार बोला- पहली FIR में आरोपी का नाम नहीं था जयलक्ष्मी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस सही तरीके से कार्रवाई नहीं कर रही है। परिवार हादसे और आरोपी को पुलिस स्टेशन लाए जाने के समय की जांच कर रहा है। जयलक्ष्मी के मुताबिक, पहली FIR में आरोपी का नाम शामिल नहीं था। पुलिस ने कहा था कि उसका नाम दूसरी FIR में जोड़ा जाएगा। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के वक्त कार में आरोपी के अलावा तीन अन्य लोग मौजूद थे। उनके मुताबिक, टक्कर के बाद बाकी लोग मौके से भाग गए। परिवार ने मामले में लीपापोती और सबूत मिटाने के आरोप भी लगाए। परिवार के दावे के मुताबिक, हादसे के बाद एक फॉर्च्यूनर कार भी मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने दोबारा हिरासत में लिया, जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड ने दी जमानत पुलिस ने शुरुआत में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत केस दर्ज किया था। इसके बाद उसे थाने से जमानत दे दी गई। मामले में विरोध और गंभीर धाराएं लगाने की मांग के बाद पुलिस ने धारा 105 भी जोड़ दी। इसके बाद आरोपी को दोबारा हिरासत में लेकर जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया। बोर्ड ने उसे जमानत दे दी। मृतक के परिवार ने आरोपी के पिता यानी जज के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने इस मांग पर कानूनी राय मांगी है। लग्जरी कार से जुड़े सड़क हादसे की 2 बड़ी घटनाएं… 21 जून 2026: ठाणे में 251kmph की रफ्तार से BMW डिवाइडर से टकराई महाराष्ट्र के ठाणे जिले में इसी साल बदलापुर के पास मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार BMW कार डिवाइडर से टकरा गई। दो लोगों की मौत हो गई थी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के कई टुकड़े हो गए। कार का इंजन हादसे की जगह से करीब 30 मीटर दूर जाकर गिरा। पूरी खबर पढ़ें… 15 सितंबर 2025: वित्त मंत्रालय के डिप्टी सेक्रेटरी को BMW ने टक्कर मारी, मौत दिल्ली में पिछले साल छावनी मेट्रो स्टेशन के पास BMW कार की टक्कर में वित्त मंत्रालय के अधिकारी की मौत हो गई थी। नवजोत सिंह अपनी पत्नी संदीप कौर के साथ बाइक से जा रहे थे। तभी कार ने पीछे से टक्कर मार दी। पूरी खबर पढ़ें…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)