राज ठाकरे ने सोशल मीडिया से पीएम की डॉक्यूमेंट्री हटाई:कहा- मुंबई पुलिस की अपील पर फैसला लिया; फिल्म को 48 लाख से ज्यादा व्यूज मिले थे
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने रविवार को सोशल मीडिया से एक डॉक्यूमेंट्री हटा दी। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उद्योगपति गौतम अडाणी पर बनाई गई थी। राज ठाकरे ने कहा कि उन्होंने मुंबई पुलिस कमिश्नर के अनुरोध पर यह कदम उठाया। उनके मुताबिक, हॉटमेल के संस्थापक साबीर भाटिया की बनाई डॉक्यूमेंट्री को X पर 48 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके थे। दरअसल, मुंबई पुलिस ने 24 अकाउंट धारकों को कानूनी नोटिस भेजा है। इन लोगों ने साबीर भाटिया की पोस्ट की गई डॉक्यूमेंट्री शेयर की थी। MNS नेताओं ने सवाल उठाया कि क्या पुलिस ने किसी दबाव में राज ठाकरे से डॉक्यूमेंट्री हटाने का अनुरोध किया था। राज ठाकरे ने X पर एक पोस्ट में कहा कि डॉक्यूमेंट्री जनता को जानकारी देने के लिए पोस्ट की गई थी। उन्होंने कहा कि फिल्म में अडाणी और PM मोदी की पुरानी दोस्ती के बारे में पूरी जानकारी दी गई है। अडाणी और PM मोदी के संबंधों का मुद्दा उठाने का दावा राज ठाकरे ने कहा कि वह जनवरी 2026 से अडाणी और PM मोदी के करीबी संबंधों का मुद्दा उठा रहे हैं। यह समय बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन चुनावों से पहले का था। उन्होंने कहा कि साबीर भाटिया ने डॉक्यूमेंट्री हाल में बनाई है। लेकिन, उन्होंने जनवरी 2026 में अपने आवास शिवतीर्थ पर इसी मुद्दे पर एक बड़ी प्रस्तुति दी थी। राज ठाकरे के मुताबिक, उस प्रस्तुति में बताया गया था कि अडाणी ग्रुप किस तरह पूरे देश को अपने कब्जे में लेने की दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रस्तुति को बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। उससे जुड़े वीडियो आज भी उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन वीडियो के कुछ हिस्से डॉक्यूमेंट्री में शामिल किए गए थे। MNS नेताओं ने डॉक्यूमेंट्री हटाने पर सवाल उठाए डॉक्यूमेंट्री को शनिवार को MNS की एक शाखा में दिखाया गया था। इसके बाद डॉक्यूमेंट्री हटाए जाने पर पार्टी नेताओं ने हैरानी जताई। MNS नेता संदीप देशपांडे ने मुंबई पुलिस से पूछा कि उसने राज ठाकरे से डॉक्यूमेंट्री हटाने का अनुरोध क्यों किया। देशपांडे ने कहा, “मुंबई पुलिस पर क्या दबाव था? क्या यह मुंबई पुलिस का काम है? उन्हें यह पता लगाने का समय नहीं है कि बिश्नोई गैंग के गुंडे शहर में कैसे आते हैं। लेकिन, उनके पास यह देखने का समय है कि किसने कौन-सा वीडियो पोस्ट किया।” बिश्नोई गैंग पर अभिनेता टाइगर श्रॉफ समेत कई बड़ी हस्तियों पर हमलों में शामिल होने का आरोप है। 24 X अकाउंट धारकों को कानूनी नोटिस मुंबई पुलिस ने 18 अक्टूबर को 24 X अकाउंट धारकों को कानूनी नोटिस भेजे थे। इन लोगों ने साबीर भाटिया की पोस्ट की गई विवादित डॉक्यूमेंट्री शेयर की थी। नोटिस के मुताबिक, डॉक्यूमेंट्री में कंपनी के खिलाफ झूठे, भ्रामक और अपमानजनक बयान और आरोप थे। इन्हें बिना किसी तथ्यात्मक या कानूनी आधार के फैलाया गया था। नोटिस में कहा गया था कि इससे कंपनी की प्रतिष्ठा, साख और सार्वजनिक छवि को लगातार नुकसान हो रहा था। राज ठाकरे ने वन भूमि को लेकर भी आरोप लगाया राज ठाकरे ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि केंद्र ने राज्य सरकार को भीमाशंकर की कई सौ हेक्टेयर वन भूमि गुजरात स्थित टॉरेंट ग्रुप को सौंपने का निर्देश दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने महाराष्ट्र की बड़ी वन और प्राकृतिक भूमि चुनिंदा उद्योगपति दोस्तों को सौंप दी है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी और जमीन सौंपने की योजना बना रही है। MNS के एक पदाधिकारी ने बताया कि राज ठाकरे 28 अक्टूबर को करजत में इस मुद्दे पर रैली को संबोधित करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)