जमीन विवाद में लाठी-डंडों, फावड़े और पेचकस से हमला:महोबा में भाई, भाभी और भतीजे ने युवक को पीटा, खेत में सफाई के दौरान हुआ विवाद
महोबा के कोतवाली नगर क्षेत्र के दिसरापुर गांव में जमीन विवाद को लेकर एक युवक पर उसके सगे भाई, भाभी और भतीजे ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि खेत में सफाई कर रहे युवक को लाठी-डंडों, फावड़े और पेचकस से पीटा गया। उसे जमीन पर पटक-पटककर मारने का वीडियो भी सामने आया है। रविवार को पीड़ित कोतवाली पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। दिसरापुर गांव निवासी हरनारायण विश्वकर्मा खेत में साफ-सफाई कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान उनके सगे भाई मनप्यारे, भाभी माया और भतीजे देवेंद्र ने उन्हें घेर लिया। तीनों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों, फावड़े और पेचकस से हमला कर दिया। मारपीट में हरनारायण घायल हो गए। वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। घटना के दौरान एक ग्रामीण ने मारपीट का वीडियो बनाने की कोशिश की। आरोप है कि हमलावरों ने उसे धमकाकर वहां से भगा दिया। घटना का वीडियो अब सामने आया है।
20 साल से जमीन को लेकर चल रहा विवाद पीड़ित हरनारायण का आरोप है कि उनका भाई पिछले 20 साल से जमीन हड़पने और मां को परेशान करने की नीयत से उन पर दबाव बना रहा था। रविवार को उन्होंने अपने अलग खेत में सफाई के बाद कचरा जलाया, जिसको लेकर भाई और उसके परिवार ने विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद उन पर हमला कर दिया गया। वहीं, परिजन हेमंत ने बताया कि आरोपियों ने हरनारायण को धोखे से रोक लिया और उन पर हमला कर दिया। इस दौरान उनके सिर पर पेचकस से वार किया गया। घटना के बाद घायल हरनारायण ने कोतवाली नगर में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। शहर कोतवाली प्रभारी बीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)