जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं फरियादें:रायबरेली के बुजुर्ग की पीड़ा पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश, जमीन कब्जे के मामलों में सख्त कदम उठाने को कहा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह लखनऊ में जनता दर्शन के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर फरियादियों से मुलाकात की और अधिकारियों को उनकी शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित को परेशान होने की जरूरत नहीं है, उसकी समस्या का समाधान कराया जाएगा। जनता दर्शन में रायबरेली से पहुंचे एक बुजुर्ग अपनी शिकायत बताते हुए भावुक हो गए। उन्होंने मुख्यमंत्री को शरीर पर लगी चोट दिखाई और बताया कि कुछ लोगों ने उन पर हमला कर मारपीट की और रुपये भी छीन लिए। बुजुर्ग की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मामले में तत्काल कार्रवाई करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। जमीन कब्जे की शिकायतों पर भी सख्ती जनता दर्शन में कुछ लोगों ने जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत भी मुख्यमंत्री से की। इस पर सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि गरीब या कमजोर व्यक्ति की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अवैध कब्जे वाली जमीन को कब्जामुक्त कराया जाए और दोषियों पर कार्रवाई हो। राजस्व मामलों के जल्द निस्तारण पर जोर मुख्यमंत्री ने राजस्व से जुड़े मामलों को लंबे समय तक लंबित न रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों की गंभीरता से जांच कर समयबद्ध तरीके से उनका समाधान किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शांति, खुशहाली और मजबूत कानून व्यवस्था नए उत्तर प्रदेश की पहचान है। इसमें बाधा डालने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। हर फरियादी को समाधान का भरोसा मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में मौजूद फरियादियों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशीलता से पेश आएं और उसकी समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि वे घबराएं नहीं, उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)