खाद न मिलने से किसानों ने लगाया जाम:महोबा की कुलपहाड़ रोड पर हंगामा, पुलिस ने खुलवाया जाम; सिर्फ 150 टोकन बंटे
महोबा के जैतपुर में खाद न मिलने से नाराज किसानों ने कुलपहाड़ मार्ग पर जाम लगा दिया। सुबह चार बजे से लाइन में लगे सैकड़ों महिला-पुरुष किसानों ने खाद की कमी और टोकन वितरण में गड़बड़ी को लेकर प्रदर्शन किया। सूचना पर कुलपहाड़ कोतवाली प्रभारी अवधेश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए जाम खुलवाया। करीब एक घंटे तक चले इस जाम से लगभग 100 छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में एस के महाविद्यालय के खाद वितरण केंद्र पर किसानों की लाइन लगवाई गई और टोकन बांटे गए। हालांकि, 500 से ज्यादा किसानों में से सिर्फ 150 को ही टोकन मिल पाए। जैतपुर निवासी छविलाल, आमनपुरा के देवेंद्र सिंह राजपूत और बच्छेछर कलां की भूरी जैसे किसानों ने बताया कि वे सुबह से बिना खाना-पानी के इंतजार कर रहे थे। बुवाई के सीजन में खाद न मिलने से वे परेशान हैं। लेकिन प्रशासन मात्र एक से दो बोरी खाद दे रहा है। हर साल बुवाई के वक्त खाद की इस किल्लत से किसान बेहद परेशान हैं और पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)