काकोरी में महिला ने नाले में लगाई छलांग:युवक ने कूदकर जान बचाई, अस्पताल से परिजन घर ले गए

Oct 16, 2026 - 19:44
0
काकोरी में महिला ने नाले में लगाई छलांग:युवक ने कूदकर जान बचाई, अस्पताल से परिजन घर ले गए
लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में हरदोई रोड स्थित टिकैतगंज के बेतवा नाला पुल पर शुक्रवार दोपहर एक महिला ने नाले में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद एक युवक ने तत्परता दिखाते हुए नाले में उतरकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) काकोरी पहुंचाया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई गई। युवक ने महिला को नाले से बाहर निकाला पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे सूचना मिली कि टिकैतगंज स्थित बेतवा नाला पुल से एक महिला नाले में कूद गई है। सूचना मिलते ही काकोरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पता चला कि रहीमाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम भतुईया निवासी अंजुम बानो (45) पत्नी अब्दुल रहीम नाले में कूद गई थीं। इसी दौरान टिकैतगंज निवासी दीपू (25) पुत्र बुद्धि लाल ने साहस दिखाते हुए महिला को नाले से बाहर निकाल लिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच की मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक सुरजीत कुशवाहा ने पुलिस बल के साथ आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद 108 एंबुलेंस से महिला को सीएचसी काकोरी भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति सामान्य बताई। पुलिस ने महिला के परिजनों को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलने पर उनके देवर मोहम्मद शकील मौके पर पहुंचे और महिला को अपने साथ घर ले गए। मिशन शक्ति केंद्र में होगी काउंसलिंग पुलिस के अनुसार, महिला और उनके परिजनों ने फिलहाल किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार किया है। महिला के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद मिशन शक्ति केंद्र में उनकी काउंसलिंग कराई जाएगी, ताकि घटना के पीछे के कारणों को समझते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। स्थानीय युवक की बहादुरी और पुलिस की तत्परता से महिला की जान बच गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User