कानपुर देहात में सुबह ठंड, दिन में तेज धूप:धूप निकली, पर किसानों की चिंता बढ़ी; बाजरा-धान की फसलें खराब हुईं
कानपुर देहात में लगातार कई दिनों की बारिश के बाद बुधवार सुबह मौसम साफ नजर आया। सुबह से ही आसमान साफ रहा और धूप निकलने के साथ तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गई। हालांकि बारिश के बाद निकली तेज धूप के बीच कच्चे और जर्जर मकानों को लेकर ग्रामीणों की चिंता अभी भी बनी हुई है। बारिश का पानी सोख चुके मकानों की दीवारें और छतें कमजोर हो गई हैं, ऐसे में अब धूप और गर्मी के बीच इनके अचानक गिरने का खतरा भी बना हुआ है। सुबह के वक्त मौसम में ठंडक भी महसूस की जा रही है। खासकर ग्रामीण इलाकों में खेतों और खुले स्थानों की वजह से सुबह करीब 5 बजे से 6:30 बजे तक ठंड का असर साफ महसूस हो रहा है। हालांकि जैसे-जैसे सूरज चढ़ रहा है, तापमान बढ़ने लगा है। बुधवार सुबह करीब 7 बजे कानपुर देहात में तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम साफ होने के बाद किसानों ने भी राहत की सांस ली है और कई किसान अपने खेतों की ओर लौटने लगे हैं। लेकिन पिछले दिनों हुई लगातार बारिश ने खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाया है। खास तौर पर बाजरा और धान की फसल उस समय बारिश की चपेट में आई, जब फसलों में दाना पड़ रहा था। तेज बारिश और हवा के चलते कई जगह फसल खेतों में गिर गई। बाजरे की फसल में भी दाना पूरी तरह पकने से पहले पौधों के जड़ने और गिरने की समस्या सामने आई है। इससे किसानों को उत्पादन प्रभावित होने की चिंता सता रही है। अब बारिश थमने और मौसम साफ होने के बाद किसान खेतों में पहुंचकर नुकसान का जायजा ले रहे हैं। फिलहाल किसानों की नजरें आसमान पर टिकी हैं। किसानों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा, ताकि खेतों में गिरी फसलों को संभालने और बची हुई फसल को सुरक्षित करने का मौका मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)