कानपुर कैटरर्स एसोसिएशन का द्विवार्षिक महासम्मेलन:विधानसभा अध्यक्ष ने दिलाई शपथ, कहा- 45 साल पहले खाया समोसा आज भी याद

Oct 09, 2026 - 20:29
0
कानपुर कैटरर्स एसोसिएशन का द्विवार्षिक महासम्मेलन:विधानसभा अध्यक्ष ने दिलाई शपथ, कहा- 45 साल पहले खाया समोसा आज भी याद
कानपुर कैटरर्स एसोसिएशन का द्विवार्षिक महासम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को शाम 5:30 बजे शुरू हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों के काम से ही हम सभी का सम्मान जुड़ा होता है, क्योंकि किसी भी समारोह में खाने-पीने से जुड़ी यादें लोग हमेशा याद रखते हैं। उन्होंने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि 45 साल पहले खाया हुआ समोसा आज भी मुझे याद है। वह देवरिया के एक समारोह में गए थे, जहां खाने की अन्य चीजें भी अच्छी थीं, लेकिन वहां के महक रहे समोसे का स्वाद आज भी उनकी यादों में ताजा है। उन्होंने कहा कि खाने में अगर जरा भी कमी रह जाए तो याद रहती है। कैटरर्स के बीच आपसी सहयोग पर जोर कानपुर कैटरर्स एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक सुरेश गुप्ता ने कहा कि महासम्मेलन में पूरे उत्तर प्रदेश से कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोग शामिल हुए हैं। कार्यक्रम में अध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ने शपथ ली। उन्होंने कहा कि कैटरिंग कारोबारियों को एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए और किसी भी दुख या मुसीबत के समय एकजुट होकर खड़ा रहना चाहिए। महासम्मेलन का उद्देश्य भी यही है कि सभी कैटरर्स आपस में मिलें, एक-दूसरे की समस्याओं को समझें और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करें। सुरेश गुप्ता ने बताया कि महासम्मेलन में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और सांसद रमेश अवस्थी को भी आमंत्रित किया गया था। उनकी मौजूदगी में एसोसिएशन ने कारोबार से जुड़ी विभिन्न समस्याएं रखीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यूपीआई से जुड़े नियमों और प्रक्रियाओं को लेकर भी व्यापारी असमंजस में हैं। इस विषय को भी मंच पर उठाया गया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का गठन ही कारोबारियों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से किया गया है। सांसद और विधानसभा अध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि जरूरत पड़ने पर सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा। भुगतान से लेकर स्टाफ और सप्लाई तक पर चर्चा महासम्मेलन में कैटरिंग कारोबार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इनमें भुगतान में देरी, स्टाफ की उपलब्धता, सामान की आपूर्ति, कैटरिंग वाहनों के संचालन और प्रशासन के साथ समन्वय जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। कारोबार को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने के लिए एफएसएसएआई (FSSAI) के नियमों, जीएसटी (GST), स्वच्छता, अग्नि सुरक्षा, स्टाफ प्रशिक्षण और डिजिटल तकनीक के महत्व पर भी विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक खरीद, स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा और डिजिटल सेवाएं शुरू करने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। संगठन ने सदस्यों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया। कैटरर्स की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ कार्यक्रम के दूसरे चरण में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। पदाधिकारियों ने संगठन में एकता, अनुशासन, पारदर्शिता और सेवा भावना बनाए रखने के साथ ही सदस्य हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्य संरक्षक सुरेश गुप्ता, चेयरमैन लाला त्रिवेदी, मुख्य सलाहकार नितिन टंडन, अजय सरावगी, मयंक कोहली, उपाध्यक्ष, अध्यक्ष देवेंद्र कुमार गुप्ता, महामंत्री अभिषेक तिवारी, कोषाध्यक्ष शिवनाथ कश्यप और संयुक्त सचिव गोपाल तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन साहू (बऊआ महाराज), गौरव गुप्ता, मीडिया प्रभारी सदन झा, संजू यादव, रोबिन वर्मा और प्रियांशु गुप्ता समेत कई सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सतीश महाना समेत कई जनप्रतिनिधि पहुंचे समारोह में उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना, सांसद रमेश अवस्थी, सहित कई अतिथि मौजूद रहे। कैटरिंग कारोबारियों की भूमिका, संगठन की एकजुटता और व्यवसाय को अधिक व्यवस्थित एवं सम्मानजनक बनाने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। एसोसिएशन ने भविष्य में कानपुर कैटर्स एसोसिएशन (KCA) को केवल एक संगठन तक सीमित न रखकर कैटरिंग कारोबारियों के लिए एक मजबूत बिजनेस नेटवर्क के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि कारोबार में प्रतिस्पर्धा हो सकती है, लेकिन संगठन के मंच पर सभी सदस्य एक-दूसरे की ताकत हैं। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि सदस्यों की समस्याओं का समाधान करना और उनके सम्मान की रक्षा करना संगठन की प्राथमिकता रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User