लोहिया के बाहर मरीज शिफ्टिंग से मना करने पर मारपीट:एंबुलेंस कर्मी को पीटा, आंख में चोट आईं; मोबाइल छीनने का आरोप

Oct 17, 2026 - 23:10
0
लोहिया के बाहर मरीज शिफ्टिंग से मना करने पर मारपीट:एंबुलेंस कर्मी को पीटा, आंख में चोट आईं; मोबाइल छीनने का आरोप
लखनऊ के लोहिया संस्थान के बाहर मरीजों को निजी अस्पतालों में शिफ्ट कराने वाले कथित दलालों की सक्रियता फिर सामने आई है। शनिवार को निजी अस्पताल में मरीज को शिफ्ट करने से इनकार करने पर 108 एंबुलेंस के इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (EMT) जितेंद्र शर्मा की पिटाई कर दी गई। आरोप है कि तीन लोगों ने उन्हें लात-घूंसों से पीटा और मोबाइल छीन लिया। पीड़ित ने मारपीट की घटना संस्थान के CCTV कैमरों में कैद होने का दावा किया है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इससे पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। मरीज की जानकारी देने से इनकार किया अयोध्या निवासी शिव रतन को दिल की गंभीर बीमारी है। स्थानीय डॉक्टरों ने उन्हें KGMU के लारी कॉर्डियोलॉजी में दिखाने की सलाह दी थी। शनिवार सुबह करीब 6 बजे परिजन 108 एंबुलेंस से उन्हें लेकर KGMU पहुंचे। वहां बेड नहीं मिलने पर एंबुलेंस चालक मरीज को लोहिया संस्थान की इमरजेंसी ले गया। परिजन मरीज को भर्ती कराने की प्रक्रिया में जुटे थे। इसी दौरान EMT जितेंद्र शर्मा के CUG नंबर पर फोन आया। आरोप है कि फोन करने वाले ने मरीज की जानकारी मांगी और उसे बाहर लाने को कहा। जितेंद्र ने मरीज की जानकारी देने से इनकार कर दिया। मरीज को छोड़कर लौट रहे थे, तभी रोकी एंबुलेंस आरोप है कि इसके बाद तीन लोग परिसर में खड़ी एंबुलेंस के पास पहुंचे और कर्मचारियों को बाहर आने के लिए कहा। मरीज को छोड़ने के बाद जब एंबुलेंस कर्मचारी बाहर निकल रहे थे, तभी आरोपियों ने एंबुलेंस रोक ली। इसके बाद जितेंद्र की लात-घूंसों से पिटाई कर दी। उनकी आंख और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। आरोप है कि हमलावर उनका मोबाइल भी छीन ले गए। किसी तरह वहां से निकलकर EMT पुलिस चौकी पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। CCTV फुटेज से जांच कराने की मांग जितेंद्र ने अपनी शिकायत में दावा किया कि मारपीट की घटना संस्थान में लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है। घटना के समय उनके सहकर्मी और एंबुलेंस पायलट अनुराग पांडेय भी मौके पर मौजूद थे। एंबुलेंस कर्मचारियों का आरोप है कि संस्थान के आसपास दलाल सक्रिय रहते हैं और मरीजों को निजी अस्पतालों में ले जाने का दबाव बनाया जाता है। उनका कहना है कि इस वजह से सरकारी एंबुलेंस के कर्मचारियों को लोहिया संस्थान में मरीज लाने में भी डर लगता है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और मरीजों की शिफ्टिंग करने वाले कथित गिरोह पर शिकंजा कसने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User