कानपुर के सजेती में युवक ने फांसी लगाकर जान दी:रात में खाना खाने के बाद सोने गया था, सुबह खाली प्लाट में मिला शव
कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के माया का पुरवा गांव में गुरुवार देर रात 22 वर्षीय युवक ने घर के पास खाली प्लाट में बने छप्पर में रस्सी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। शुक्रवार सुबह पशुओं को चारा डालने के लिए उठी मां की नजर छप्पर में लटक रहे बेटे के शव पर पड़ी तो वह चीख पड़ीं। उनकी चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। युवक का शव देखकर घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची सजेती पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। माया का पुरवा गांव निवासी अजय मजदूरी करता था। परिवार में मां शियावती और भाई शीलू, उमेश व सुशील हैं। पिता की काफी समय पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। बड़े भाई शीलू ने बताया कि अजय गुरुवार देर रात मजदूरी करने के बाद घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद उसने खाना खाया और सोने की बात कहकर कमरे में चला गया। परिजनों को उस समय किसी तरह की अनहोनी का अंदेशा नहीं था। रात में घर से निकलकर पहुंचा खाली प्लाट परिजनों के मुताबिक, देर रात अजय किसी समय घर से निकलकर बगल में स्थित खाली प्लाट में पहुंच गया। प्लाट में बने छप्पर में बल्ली के सहारे रस्सी का फंदा लगाकर उसने जान दे दी। रात में परिवार के किसी सदस्य को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। सुबह चारा डालने गई मां की पड़ी नजर शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे अजय की मां शियावती पशुओं को चारा डालने के लिए उठीं। घर के पास पहुंचने पर उनकी नजर छप्पर की ओर गई। वहां बेटे अजय का शव रस्सी के फंदे से लटकता देखकर उनके होश उड़ गए। वह चीखते हुए घर की ओर दौड़ीं। मां की चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। अजय का शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में सजेती थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत का कारण स्पष्ट नहीं, जांच में जुटी पुलिस सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि युवक की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)