कानपुर के स्कूल में वार्षिकोत्सव:'वटवृक्ष' नाटक आकर्षण का केंद्र, DM बोले- 'दीनदयाल उपाध्याय के विचार आज भी प्रासंगिक'
नवाबगंज स्थित पंडित सनातन धर्म विद्यालय के तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव का शनिवार को शानदार सांस्कृतिक संध्या ‘अभिव्यंजना’ के साथ समापन हो गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने 'पंच परिवर्तन' की थीम पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन और नागरिक कर्तव्यों का संदेश दिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में छात्रों द्वारा प्रस्तुत किया गया नाटक ‘वटवृक्ष’ दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और समग्र विकास के विचार आज के समय में भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। वहीं, विशिष्ट अतिथि सीएसए के कुलपति डॉ. संजीव गुप्त ने कहा कि शिक्षा का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना है। इस दौरान विद्यालय की प्रबंधक नीतू सिंह ने स्कूल की वार्षिक प्रगति आख्या प्रस्तुत की। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य राकेश राम त्रिपाठी ने सभी का आभार जताते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)