कानपुर में 77% ज्यादा बारिश, देहात में 48% कम:आने वाले दिनों में दिन में धूप रहेगी, सुबह व रात मौसम ठंडा रहेगा

Sep 30, 2026 - 07:58
0
कानपुर में 77% ज्यादा बारिश, देहात में 48% कम:आने वाले दिनों में दिन में धूप रहेगी, सुबह व रात मौसम ठंडा रहेगा
कानपुर में मानसून ने इस बार बारिश का असमान वितरण दिखाया है। कानपुर नगर में सामान्य से 77% अधिक बारिश दर्ज हुई, जबकि पड़ोसी जिले कानपुर देहात में सामान्य से 48% कम बारिश हुई है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, कंक्रीट के जंगल और बढ़ते तापमान के कारण शहरों में स्थानीय स्तर पर बादल ज्यादा सक्रिय होकर भारी बारिश में बदल रहे हैं। वहीं अब मानसून की वापसी की प्रक्रिया अगले 24 घंटे में शुरू होने के आसार हैं और अक्टूबर के पहले सप्ताह में उत्तर प्रदेश से मानसून की पूरी विदाई की संभावना है। दिन में उमस व गर्मी रहेगी मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बुधवार को धूप निकलेगी। शाम के समय हल्के बादल छा सकते हैं। दिन में उमस और गर्मी से लोग परेशान रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार बारिश का डिस्ट्रीब्यूशन खराब रहा है। कानपुर शहर में अब तक 1094.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य से 77% अधिक है। शहर में सामान्य बारिश 618.7 मिलीमीटर होनी चाहिए थी। इसके विपरीत कानपुर देहात में अब तक सिर्फ 296.2 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 574.5 मिलीमीटर होनी चाहिए थी। इस तरह कानपुर देहात में अब तक 48% कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। कंक्रीट के जंगल से शहर में ज्यादा बारिश डॉ. पांडेय के मुताबिक, कानपुर जैसे बड़े शहरों में ज्यादा बारिश होने के पीछे स्थानीय परिस्थितियां भी जिम्मेदार हैं। शहर में कंक्रीट का जंगल होने के कारण दिन में तापमान ज्यादा बढ़ता है। गर्म हवाएं ऊपर उठती हैं और बारिश की बूंदों को वाष्पीकृत कर ऊपर की ओर ले जाती हैं। इससे नमी ऊपर इकट्ठा होती रहती है और शाम के समय बादल विकसित होकर भारी बारिश में बदल जाते हैं। यही वजह है कि शाम से रात तक शहर में बारिश की गतिविधियां अधिक देखने को मिलती हैं। एक सप्ताह तक बनी रहेगी नमी, फिर शुष्क हवाओं का असर मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि आने वाले दिनों में करीब एक सप्ताह तक वातावरण में बची नमी बादलों के रूप में बनी रह सकती है। सोमवार को कानपुर में तापमान में करीब 6 डिग्री तक बढ़ोतरी हुई है। अब अगले 24 घंटे में मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू होने के आसार हैं। फिलहाल मानसून की रेखा अलीगढ़ के पास रुकी हुई है। उत्तर प्रदेश से मानसून की पूरी वापसी अक्टूबर के पहले सप्ताह में होने की संभावना है। तीन दिन बाद उमस घटेगी, दिन में तेज धूप रहेगी उत्तर-पश्चिम से आने वाली शुष्क हवाएं अब गंगा के मैदानी क्षेत्रों और कानपुर मंडल में असर दिखाएंगी। इससे वातावरण में मौजूद नमी कम होगी और धीरे-धीरे उमस खत्म होने लगेगी। डॉ. पांडेय के अनुसार, अगले तीन दिन बाद उमस में कमी आने लगेगी। पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू होने के बाद सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस हो सकती है, लेकिन दिन में तेज धूप के कारण गर्मी बनी रहेगी। मंगलवार को ऐसा रहा मौसम सीएसए की मंगलवार की रिपोर्ट के अनुसार, कानपुर में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 82% रही। सुबह से दिनभर तेज धूप निकली रही, जबकि शाम के समय ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत दी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User