कानपुर में डंपर की टक्कर से टीचर की मौत:गांधी जयंती समारोह में शामिल होने जा रहे थे, छात्र समेत कई घायल; 35 लोग बस में सवार थे

Oct 02, 2026 - 12:00
0
कानपुर में डंपर की टक्कर से टीचर की मौत:गांधी जयंती समारोह में शामिल होने जा रहे थे, छात्र समेत कई घायल; 35 लोग बस में सवार थे
कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र स्थित हरबसपुर गांव के पास शुक्रवार सुबह एक बेकाबू मौरंग लदे डंपर ने चीना पब्लिक स्कूल की बस को भीषण टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में स्कूल की 24 वर्षीया विज्ञान शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक छात्र समेत कई शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुबह करीब सात बजे की है। घाटमपुर स्थित चीना पब्लिक स्कूल में 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नौबस्ता बाईपास, बिनगवां और बिधनू से लगभग 35 शिक्षकों व छात्रों को लेकर बस स्कूल जा रही थी। हरबसपुर पंचायत भवन के पास सामने से आते तेज रफ्तार डंपर को देख चालक अर्जुन ने बस को सड़क से नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन डंपर ने बस के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए। खिड़की के पास बैठी बर्रा निवासी शिक्षिका ऐश्वर्या के सिर में कांच के टुकड़े धंस गए। साथी शिक्षक उन्हें तत्काल बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में बिनगवां निवासी कक्षा सात के छात्र रौनक वर्मा की आंख में कांच लगने से वह घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल शिक्षिका अंजू रीता और शिक्षक हिमांशु यादव को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। शिक्षिका की मौत की खबर मिलते ही सीएचसी पहुंचीं प्रिंसिपल सुभांगी सिंह बेसुध हो गईं और स्कूल में जश्न का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने डंपर चालक को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User