सीतापुर में गांधी-शास्त्री जयंती पर डीएम ने फहराया तिरंगा:स्वच्छता-जनसेवा का संकल्प दिलाया, महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी और रामधुन का गायन हुआ
सीतापुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गुरुवार सुबह 9 बजे जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम डॉ. राजागणपति आर. ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में गांधीजी के प्रिय भजनों और रामधुन का गायन किया गया। डीएम ने महात्मा गांधी के जीवन और विचारों को याद करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन सत्य, अहिंसा, त्याग, सादगी और मानव सेवा के आदर्शों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, ग्राम स्वराज, सामाजिक समरसता और कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया, जो आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना जनसेवा की भावना को मजबूत करता है। लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि देते हुए डीएम ने कहा कि उनका जीवन सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उदाहरण है। ‘जय जवान, जय किसान’ का उनका संदेश देश की सुरक्षा और कृषि के महत्व को दर्शाता है। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने का संकल्प लिया। डीएम ने अधिकारियों से आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने और कार्यों में पारदर्शिता, संवेदनशीलता व जवाबदेही को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। इस अवसर पर एडीएम आयुष चौधरी, एडीएम न्यायिक खालिद अंजुम समेत कलेक्ट्रेट और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)