कानपुर में राजभर का अखिलेश यादव पर पलटवार:बोले-अयोध्या में योगी के सामने चुनाव लड़ने से डर रहे तो मेरी सीट पर आएं

Oct 11, 2026 - 16:03
0
कानपुर में राजभर का अखिलेश यादव पर पलटवार:बोले-अयोध्या में योगी के सामने चुनाव लड़ने से डर रहे तो मेरी सीट पर आएं
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर रविवार को कानपुर में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन, एसआईआर, वोट चोरी के आरोप और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजभर ने सपा पर तीखे हमले किए। उन्होंने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो अयोध्या से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़कर दिखाएं। अगर वहां लड़ने से डर लग रहा है तो उनकी जहूराबाद विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतर जाएं। विपक्ष के प्रदर्शन पर उठाया सवाल राजभर ने विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश यादव पिछले 10 साल से सत्ता से बाहर हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के 37 सांसद जीते, जबकि कांग्रेस के छह सांसद चुनाव जीते। उन्होंने कहा कि अगर वोट चोरी हुई होती तो भाजपा की सीटें 2019 के लोकसभा चुनाव में 303 से घटकर 2024 में 240 कैसे रह जातीं? राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष हताशा और निराशा में इस तरह के बयान दे रहा है। 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद भी ये लोग हार का ठीकरा वोट चोरी पर फोड़ेंगे। अगर अखिलेश के पास वोट चोरी के सबूत हैं तो उन्हें सामने क्यों नहीं लाते? मृतकों के नाम कटने से विपक्ष परेशान: राजभर एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर राजभर ने आरोप लगाया कि विपक्ष को मतदाता सूची से मृतकों के नाम हटाए जाने से परेशानी है। उन्होंने दावा किया कि पहले चुनाव के समय यह लोग स्वर्ग-नरक से लोगों को लाकर वोट डलवा देते थे और फिर वहीं पहुंचा देते थे, लेकिन अब मतदाता सूची में ऐसे नाम नहीं होने से विपक्ष परेशान है। सपा के PDA का नया मतलब बताया राजभर ने सपा के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए PDA का नया मतलब बताते हुए कहा कि 'P' का मतलब परिवार, 'D' का मतलब दौलतराम और 'A' का मतलब अपराधी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा अपने परिवार और चुनिंदा लोगों के हितों को प्राथमिकता देती है। JPNIC को बेचने के आरोप पर दिया जवाब अखिलेश यादव के जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) को सरकार की ओर से बेचे जाने के आरोप पर राजभर ने कहा कि सरकार ने इसे बेचा नहीं, बल्कि 30 साल के लिए लीज पर दिया है। उन्होंने दावा किया कि करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली परियोजना पर 865 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद काम पूरा नहीं हुआ। राजभर ने यह भी आरोप लगाया कि परियोजना की निगरानी के लिए बनाई गई आठ सदस्यीय समिति में अखिलेश यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव और शिवपाल यादव समेत परिवार के सात लोग शामिल थे। योगी सरकार में माफिया जेल में, युवाओं को मिल रही नौकरी राजभर ने सपा सरकार और योगी सरकार की तुलना करते हुए कहा कि सपा शासन में दंगे और कर्फ्यू आम बात थे तथा माफिया खुलेआम हथियार लहराते थे। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में माफिया या तो जेल में हैं, या दुनिया से जा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में युवाओं को बिना पैसे दिए नौकरियां मिल रही हैं। राजभर ने विपक्ष पर 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User