कानपुर में सांप के काटने से मासूम की मौत:मां के साथ सो रहा था, कान के पीछे डसा, सीने पर बैठ गया
कानपुर के सजेती में रविवार को सांप के काटने से 2 साल के मासूम की मौत हो गई। वह मां के साथ चारपाई पर सो रहा था, तभी सांप ने उसके कान के पीछे काट लिया। बच्चे की चीख सुनकर मां जागी तो सांप उसके सीने पर बैठा था। परिजनों ने डंडे से सांप को हटाया और बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे। घाटमपुर सीएचसी से उसे हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। रविवार शाम दादा नाती का शव लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। वहां बेटे के गुजरात से लौटने की बात कहते हुए रो पड़े और बोले- उसे क्या जवाब दूंगा? मां के साथ सो रहा था मासूम, चीख सुनकर जागे परिजन सजेती थाना क्षेत्र के टिकरी गौरवा गांव निवासी शिव नारायण किसान हैं। परिवार में पत्नी किशनिया और तीन बेटे राकेश, उमेश व दिनेश हैं। राकेश गुजरात की एक धागा फैक्ट्री में काम करते हैं, जबकि उमेश और दिनेश पिता के साथ खेती करते हैं। राकेश के तीन बेटे प्रिंश, हिमांशु और अंश हैं। अंश की उम्र महज दो साल थी। शिव नारायण के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब 12 बजे परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरे में सो रहे थे। अंश अपनी मां भूरी के साथ चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान सांप ने उसके कान के पीछे काट लिया। दर्द से अंश जोर-जोर से चीखने लगा। उसकी आवाज सुनकर मां की नींद खुल गई। मां ने लाइट जलाकर देखा तो सांप अंश के सीने पर बैठा था। यह देखकर वह चीखने लगीं। उनकी आवाज सुनकर परिवार के दूसरे सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। डंडे से हटाया सांप, अस्पताल में तोड़ा दम परिजनों ने सांप को हटाने की कोशिश की, लेकिन वह काफी देर तक नहीं हटा। इसके बाद डंडे की मदद से उसे बच्चे के सीने से अलग किया गया। सांप के काटने से अंश की हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे आनन-फानन घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। नाती का शव लेकर पहुंचे दादा, बोले- बेटे को क्या जवाब दूंगा रविवार शाम करीब 5:30 बजे परिजन अंश का शव लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। इस दौरान बुजुर्ग शिव नारायण नाती का शव हाथों में लिए नजर आए। उनकी आंखों में आंसू थे। वह वहां मौजूद लोगों से बोले, “साहब, सांप काट लिहिस है। जल्दी करि देव, बेटा घर आ रहा है... का जवाब देबे?” बेटे राकेश के गुजरात से घर लौटने पर उसे क्या जवाब देंगे, यह सोचकर शिव नारायण बेहद दुखी थे। मासूम के शव को हाथों में लिए उनकी बेबसी देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। बाद में पोस्टमार्टम हाउस के कर्मचारियों ने शव रखवाकर आगे की प्रक्रिया पूरी कराई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव घटना की सूचना मिलने पर रविवार सुबह सजेती थाने की पुलिस गांव पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने पंचायतनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि देर रात सांप के काटने से मासूम की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)