कानपुर में तेज रफ्तार बस ने हेड-कांस्टेबल को कुचला, मौत:बस से उतरते समय हुआ हादसा, चालक फरार; बेटी ने की शिनाख्त

Oct 01, 2026 - 16:01
0
कानपुर में तेज रफ्तार बस ने हेड-कांस्टेबल को कुचला, मौत:बस से उतरते समय हुआ हादसा, चालक फरार; बेटी ने की शिनाख्त
कानपुर के स्वरूपनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से पुलिस विभाग में तैनात हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह थाने से किसी जरूरी काम के लिए रावतपुर की ओर गए थे। बस से उतरते समय चालक ने अचानक वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और हेड कांस्टेबल को टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। हादसा देखकर आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही स्वरूपनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल हेड कांस्टेबल को तत्काल एलएलआर अस्पताल (हैलट) पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया और घटना की जानकारी परिजनों को दी। मोबाइल से हुई परिजनों को हादसे की जानकारी इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी अशोक कुमार यादव (52) पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग गोविंदनगर थाने में थी। परिवार में पत्नी मंजेश कुमारी, बड़ी बेटी प्रिया और छोटी बेटी अंजलि हैं। पत्नी और छोटी बेटी परिवार के साथ इटावा में रहती हैं, जबकि प्रिया प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है और कल्याणपुर खुर्द में पिता के साथ किराये के मकान में रहती थी। बेटी प्रिया के मुताबिक, उनके पिता रोज की तरह सुबह ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। इसके बाद वह थाने से किसी आवश्यक कार्य के लिए रावतपुर की ओर गए थे। वहां बस से उतरते समय चालक ने अचानक बस की रफ्तार बढ़ा दी। बस की टक्कर लगने से पिता सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से भाग निकला। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अशोक कुमार यादव के पास मिले मोबाइल के जरिए परिजनों से संपर्क किया और हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User