कानपुर नगर निगम कार्यकारिणी की कल होगी बैठक:इन 15 प्रस्तावों पर लगेगी मुहर, रामलीला द्वार से सीवर-नाली निर्माण तक के मुद्दे
कानपुर नगर निगम की कार्यकारिणी समिति की बैठक गुरुवार को दोपहर 2 बजे नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में होगी। महापौर प्रमिला पांडेय की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े 15 प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। इनमें रामलीला सोसाइटी के लिए भव्य द्वार बनाने, सड़क और नाली निर्माण, सीवर लाइन बिछाने, धर्मशाला और बारातशाला बनवाने के साथ पार्कों और चौराहों के नामकरण के प्रस्ताव शामिल हैं। रामलीला द्वार बनवाने का प्रस्ताव प्रस्ताव में मेस्टन रोड स्थित रामलीला सोसाइटी के लिए अस्पताल रोड पर निजी खर्च से भव्य द्वार बनवाने की अनुमति और अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी करने की मांग की गई है। इसके साथ ही कोतवाली चौराहे से परेड ग्राउंड सद्भावना चौराहे तक के मार्ग का नाम श्री रामलीला मार्ग रखने का प्रस्ताव भी है। पार्क का नाम सूर्य सरोवर पार्क रखने की मांग इसके अलावा वार्ड-54 के पार्षद कौशल कुमार मिश्रा ने केशवपुरम स्थित पार्क का नाम सूर्य सरोवर पार्क रखने की मांग की है। वहीं, संगीत टॉकीज चौराहे का नाम बदलकर मां पीताम्बरा चौराहा करने का प्रस्ताव रखा गया है। साथ ही पनकी ब्लॉक के एक पार्क का नाम छत्रपति शिवाजी महाराज (शिवाजी उपवन) रखने की मांग की गई है। इसके अलावा नौबस्ता के आवास विकास हंसपुरम स्थित वाटर पार्क का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय राम सनेही मिश्रा के नाम पर रखने का प्रस्ताव है। मंदिर के द्वार, धर्मशाला और बारातशाला भी एजेंडे में केशवपुरम स्थित भूतेश्वर मंदिर के लिए द्वार बनाने की मांग की गई है, जबकि वार्ड-44 में ख्योरा की मलिन बस्ती चमरौधा धोबियाना में धर्मशाला बनवाने का प्रस्ताव है। प्रस्ताव में वार्ड-54 के केशवपुरम में आहूजा हॉस्पिटल के सामने ग्रीन बेल्ट पर क्रियाघर बनाने की मांग की गई है। वहीं, बरगद चौराहे पर सार्वजनिक शौचालय बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। जर्जर बारातशाला का निर्माण होगा वार्ड-17 के बैरी क्षेत्र में प्राथमिक पाठशाला के पास जर्जर बारातशाला का पुनर्निर्माण कराने की मांग की गई है। पार्षद नीलम बाथम ने इंद्रानगर जीटी रोड तिराहे से मां आशा देवी मंदिर होते हुए त्रिभुवन पैलेस तक नाला बनवाने का प्रस्ताव रख है। पार्षद के मुताबिक, क्षेत्र में जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान 10 से 12 घंटे तक जलभराव रहता है। इससे आसपास के बाजारों और रिहायशी इलाकों के लोगों को परेशानी होती है। बैठक में इन प्रस्तावों पर भी होगा विचार वार्ड-54 के पार्षद कौशल कुमार मिश्रा ने 4 जुलाई 2023 को हुई कार्यकारिणी की बैठक में स्वीकृत सड़क निर्माण के कार्यों को मंजूरी देने की मांग भी की है। इसमें सिलेंडर चौराहे से बेबीलैंड गेस्ट हाउस तक सड़क निर्माण के लिए 29.87 लाख रुपए और नरी रोड से शंखेश्वर मंदिर के पहले तक सड़क निर्माण के लिए 28.99 लाख रुपए के प्रस्ताव शामिल हैं। इसके अलावा रनियांगंज में सड़क सुधार के लिए स्वीकृत 19.98 लाख रुपए के कार्य के नाम और स्थान में संशोधन करने की मांग की गई है। वहीं, काकादेव की 77 वाली गली में क्षतिग्रस्त सीवर लाइन को बदलकर नई सीवर लाइन बिछाने का प्रस्ताव है। यहां सीवर लाइन खराब होने से जलभराव और गंदे पानी की समस्या बनी हुई है। कार्यकारिणी की बैठक में इन सभी 15 प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उनके संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)