कार चुराकर वृंदावन पहुंचे 4 नाबालिग; दर्शन कर लौटे:अलीगढ़ में 15 दिन पहले चाबी चुराई, दो दिन घूमकर महुआखेड़ा में पेट्रोल पंप के पास छोड़ गए गाड़ी, CCTV से खुला राज

Oct 15, 2026 - 18:55
0
कार चुराकर वृंदावन पहुंचे 4 नाबालिग; दर्शन कर लौटे:अलीगढ़ में 15 दिन पहले चाबी चुराई, दो दिन घूमकर महुआखेड़ा में पेट्रोल पंप के पास छोड़ गए गाड़ी, CCTV से खुला राज
घर में पेंटिंग का काम करने आए किशोर ने पहले कार की चाबी चुराई, फिर तीन दोस्तों के साथ मिलकर XUV-500 पार कर दी। चारों कार लेकर वृंदावन पहुंचे, बांके बिहारी के दर्शन किए और आसपास के इलाकों में घूमते रहे। दो दिन बाद अलीगढ़ लौटे तो कार क्वार्सी बाईपास के महुआखेड़ा इलाके में पेट्रोल पंप के पास छोड़कर निकल गए। उधर, कार चोरी की जांच में जुटी क्वार्सी पुलिस ने CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली तो चारों की करतूत सामने आ गई। पुलिस ने चोरी की कार बरामद कर चारों नाबालिगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की है। कार रामघाट रोड स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी में रहने वाले दलवीर सिंह की थी। नरचर स्कूल के पीछे स्थित उनके घर के सामने खड़ी महिंद्रा XUV-500 (UP81CP6248) 12 अक्टूबर की रात करीब 2:12 बजे चोरी हो गई थी। दलवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि कार की चाबी करीब 10-15 दिन पहले गायब हो गई थी। पुलिस ने 13 अक्टूबर को चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। चाबी चुराकर बनाई कार चोरी की योजना पुलिस ने घटनास्थल से लेकर संभावित रास्तों तक के CCTV फुटेज खंगाले। इसमें चार नाबालिग कार ले जाते दिखाई दिए। जांच के बाद पुलिस ने चारों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि चारों में से एक किशोर करीब 15 दिन पहले दलवीर सिंह के घर पेंटर के साथ काम करने गया था। आरोप है कि उसी दौरान उसने कार की चाबी चुरा ली। इसके बाद अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर कार चोरी कर ली। वृंदावन में दर्शन, फिर पेट्रोल पंप के पास छोड़ी कार पुलिस के मुताबिक, कार लेकर चारों वृंदावन चले गए। वहां बांके बिहारी के दर्शन किए और आसपास के इलाकों में घूमे। 14 अक्टूबर को अलीगढ़ लौटने के बाद शाम ढलते ही कार क्वार्सी बाईपास के महुआखेड़ा इलाके में पेट्रोल पंप के पास छोड़कर चले गए। पुलिस ने बुधवार रात कार बरामद कर ली। बाल न्यायालय में पेशी, मुचलके पर छोड़े गए क्वार्सी पुलिस ने चारों बाल अपचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें बाल न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें मुचलके पर छोड़ दिया गया। पुलिस अब बरामद कार को उसके स्वामी के सुपुर्द करने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। इंस्पेक्टर अरुण कुमार का कहना है कि कार चोरी का मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम CCTV फुटेज के आधार पर जांच कर रही थी। जांच में चार नाबालिगों की संलिप्तता सामने आई। चोरी की कार बरामद कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User