कारीगरों को डिजिटल मार्केट प्लेस से जोड़ने के निर्देश दिए:जरी-जरदोजी उत्पादों की गुणवत्ता और बाजार की मांग जानी, आरसेटी में प्रशिक्षणार्थियों से भी मिले
रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बुधवार शाम करीब चार बजे पहाड़ी गेट स्थित हस्तकला केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में संचालित गतिविधियों का जायजा लेने के साथ कारीगरों से संवाद कर उनके उत्पादों की डिजाइन, गुणवत्ता, बाजार में मांग और कच्चे माल की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। डीएम ने रामपुर के पारंपरिक हस्तशिल्प को बढ़ावा देने और कारीगरों को बड़े बाजार से जोड़ने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जरी-जरदोजी, टोपी और पतंग निर्माण से जुड़े कारीगरों से बातचीत की। कारीगरों ने बताया कि केंद्र में जरी-जरदोजी चट्टा-पट्टी साड़ियों और टोपी का निर्माण किया जा रहा है। पारंपरिक डिजाइन और बुनाई के कारण इन उत्पादों की देश के विभिन्न शहरों के साथ खाड़ी देशों में भी मांग है। जिलाधिकारी ने कारीगरों के प्रयासों की सराहना करते हुए उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। डीएम ने उपायुक्त उद्योग अनुराग यादव को निर्देश दिए कि एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत रामपुर की जरी-जरदोजी और पारंपरिक हस्तशिल्प को बड़े बाजारों और डिजिटल मार्केटप्लेस से जोड़ा जाए, ताकि कारीगरों को अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार मिल सके। कौशल को स्वरोजगार से जोड़कर आगे बढ़ें इसके बाद जिलाधिकारी ने बैंक ऑफ बड़ौदा आरसेटी में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों का जायजा लिया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर प्रशिक्षण से जुड़ी गतिविधियों और मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। डीएम ने युवाओं से अपने कौशल का उपयोग रोजगार और स्वरोजगार के लिए करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रशिक्षण के क्षेत्र में रोजगार और उद्यमिता की संभावनाएं हैं। एयर कंडीशनर और रेफ्रिजरेटर का इस्तेमाल बढ़ने के साथ इनके रखरखाव और मरम्मत के लिए कुशल तकनीकी लोगों की मांग भी बढ़ रही है। प्रशिक्षणार्थी अपने कौशल को स्वरोजगार से जोड़कर आगे बढ़ सकते हैं। डीएम ने आरसेटी में संचालित एयर कंडीशनर एवं रेफ्रिजरेटर रिपेयरिंग तथा मेंस पार्लर एवं सैलून उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी ली। इस दौरान आरसेटी निदेशक देशराज मीणा, पुष्पराज, फैकल्टी सरफराज हुसैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)