कासगंज में गणेश विसर्जन यात्रा की धूम:2 डीजे के 20 हजार के चालान गुलाल-ढोल नगाड़ों के साथ निकली यात्रा
कासगंज शहर में गणेश उत्सव के आखिरी दिन भक्ति और उत्साह का माहौल रहा। शुक्रवार दोपहर 3 बजे शहर के अलग-अलग मोहल्लों और पंडालों से भगवान गणेश की प्रतिमाओं को विसर्जित करने के लिए श्रद्धालु शोभायात्राओं के साथ कछला गंगा घाट के लिए निकले। विसर्जन यात्रा के दौरान पूरा शहर "गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ" के नारों से गूंज उठा। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। जगह-जगह गुलाल और अबीर उड़ाया गया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय और रंगीन हो गया। शहर के मुख्य रास्तों से निकली शोभायात्राओं में युवा, महिलाएं और बच्चे भी जोश के साथ शामिल हुए। सुंदर ढंग से सजी गणेश प्रतिमाएं लोगों की आस्था का केंद्र बनी रहीं। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए उन्हें विदाई दी। विसर्जन यात्रा को शांतिपूर्ण और सही तरीके से पूरा कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के बड़े इंतजाम किए थे। मुख्य चौराहों और रास्तों पर पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था भी ठीक रखी गई। कासगंज शहर का माहौल पूरे दिन भक्ति, उत्साह और श्रद्धा से भरा रहा। देर शाम तक गणेश प्रतिमाओं का कछला गंगा घाट पर विधि-विधान से विसर्जन चलता रहा। इस यात्रा में कासगंज, एटा, बदायूं, अलीगढ़ और दूसरे जिलों से भी डीजे आए थे। डीजे की तेज आवाज से लोग परेशान भी दिखे। पुलिस ने तेज आवाज को देखते हुए दो डीजे के 20 हजार रुपये के चालान भी काटे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)