काउंसलिंग कर टूटने से बचाए सैकड़ाें परिवार:परामर्श केंद्र में इस साल हुए 900 समझौते, पुलिस ने परिवारों का किया सम्मान

Oct 16, 2026 - 19:28
0
काउंसलिंग कर टूटने से बचाए सैकड़ाें परिवार:परामर्श केंद्र में इस साल हुए 900 समझौते, पुलिस ने परिवारों का किया सम्मान
आगरा में पारिवारिक विवादों के कारण टूटने की कगार पर पहुंचे परिवारों को मिशन शक्ति केंद्र की काउंसलिंग ने फिर से जोड़ने का काम किया है। इस साल सितंबर तक पूर्वी जोन के विभिन्न थानों के मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से करीब 900 परिवारों के बीच समझौता कराकर उनके रिश्ते टूटने से बचाए गए। आपसी संवाद, काउंसलिंग और पुलिस की मदद से परिवारों के विवाद सुलझाए गए। शुक्रवार को मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत पारिवारिक विवादों का निस्तारण होने के बाद संबंधित परिवारों को केंद्र पर बुलाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान महिलाओं और अन्य लोगों को फल एवं मिठाई वितरित की गई। अलग जाति में शादी के बाद शुरू हुई प्रताड़ना मिशन शक्ति केंद्र पर काउंसलिंग के जरिए अपना रिश्ता बचाने वाली इशिका ने बताया कि उन्होंने अलग जाति में प्रेम विवाह किया था। उनके पति ऊंची जाति से हैं। इशिका के मुताबिक, शादी के लिए शुरुआत में ससुराल पक्ष के लोग राजी हो गए थे, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही उन्हें जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया जाने लगा। इसके साथ ही दहेज के लिए भी प्रताड़ित किया जाता था। लगातार विवाद और प्रताड़ना के कारण उनकी शादी टूटने की कगार पर पहुंच गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद उनका मामला मिशन शक्ति केंद्र पहुंचा। इशिका ने बताया कि केंद्र पर पहली ही काउंसलिंग में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। उन्हें पुलिस की ओर से काफी सहयोग मिला। काउंसलिंग के दौरान उनकी बात सुनी गई और विवाद को सुलझाने का प्रयास किया गया। इससे उनका रिश्ता टूटने से बच गया। इशिका के मुताबिक, पुलिस के सहयोग से उनके परिवार को दोबारा जुड़ने का मौका मिला। दो थानों में परिवारों के विवाद सुलझाए पुलिस आयुक्त और अपर पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट आगरा के मार्गदर्शन तथा पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना है। इसी क्रम में 16 अक्टूबर को पारिवारिक विवादों का सफल निस्तारण होने के बाद परिवारों को सम्मानित किया गया। थाना बमरौली कटारा में मिशन शक्ति टीम प्रभारी महिला उपनिरीक्षक गीता कुशवाह के सहयोग से पारिवारिक विवाद का निस्तारण कराया गया। वहीं, थाना डौकी में मिशन शक्ति टीम प्रभारी महिला उपनिरीक्षक दीपिका भाटी के सहयोग से परिवारों के बीच विवाद सुलझाया गया। पुलिस के अनुसार, इन केंद्रों पर पारिवारिक मामलों में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत और काउंसलिंग के जरिए समाधान कराने का प्रयास किया जाता है, ताकि आपसी मतभेद दूर हों और परिवार टूटने से बच सकें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User