कौशाम्बी में गणेश विसर्जन संपन्न:बारिश के बीच निकली शोभायात्रा, भक्तों ने नम आंखों से दी विदाई
कौशाम्बी में मुख्यालय मंझनपुर सहित जिले भर में 10 दिनों तक चला गणेश महोत्सव शुक्रवार को संपन्न हो गया। तेज बारिश के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ और नम आंखों से भगवान गणपति को विदा किया गया। मंझनपुर कस्बे के प्राचीन शिव मंदिर नेहरू नगर में सिद्धिविनायक कमेटी सहित 3 स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। 10 दिनों तक पंडालों में पूजा, आरती, भजन-कीर्तन और देश-समाज के कल्याण की कामना की गई। शुक्रवार सुबह से ही तेज बारिश हो रही थी। दोपहर 12 बजे के बाद बारिश के बीच ही भक्तों ने प्रतिमाओं को वाहनों में रखकर विसर्जन यात्रा शुरू की। डीजे की धुन पर महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग नाचते-गाते, ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। पूरा कस्बा गणपति के जयकारों से गूंज उठा। यात्रा बाजार से होते हुए मंझनपुर चौराहा और ओसा रोड तक पहुंची। रास्ते भर आयोजकों ने प्रसाद वितरण किया। बारिश थमने का नाम नहीं ले रही थी, फिर भी सैकड़ों श्रद्धालु अंत तक विसर्जन में शामिल रहे। इसके बाद प्रशासन द्वारा निर्धारित विसर्जन स्थल पर विधि-विधान से पूजा के बाद प्रतिमाओं को जल में विसर्जित किया गया। सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे जिले में पुलिस बल तैनात रहा। जिले भर में शांतिपूर्ण तरीके से विसर्जन संपन्न हुआ। विसर्जन में सिद्धिविनायक कमेटी के अध्यक्ष उज्ज्वल केशरवानी, अंशित मोदनवाल, विष्णु, हर्ष, आदर्श मिश्रा, ऋषभ, कलश, रोहित, शिवम केशरवानी, लवकुश गुप्ता, सत्यम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)