संभल में रास्ते पर सब्जी मंडी लगाने को लेकर विवाद:दोनों पक्षों की सिटी मजिस्ट्रेट ने सुनी बात, दस्तावेजों की होगी जांच
संभल में सरायतरीन के बजार गंज मोहल्ले में रास्ते पर फड़, ठेले और सब्जी मंडी लगाने को लेकर चल रहे विवाद में शुक्रवार को दोनों पक्ष सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। शाम करीब 5:30 बजे सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने दोनों पक्षों की मौजूदगी में सुनवाई की। उन्होंने पक्षकारों के दावों और उपलब्ध दस्तावेजों की जानकारी ली। अब मामले में सोमवार को दोबारा सुनवाई होगी। जितेंद्र ने रास्ता बंद करने की शिकायत दी थी सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि बजार गंज निवासी जितेंद्र ने जिलाधिकारी को शिकायत दी थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि उनके मकान से निकलने वाले रास्ते पर कुछ लोग फड़, ठेले और सब्जी मंडी लगाकर रास्ता बंद कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर गुरुवार को राजस्व विभाग और नगर पालिका की टीम को मौके पर नाप-जोख और निशानदेही के लिए भेजा गया था। टीम मौके पर निशानदेही कर रही थी, जबकि नगर पालिका के जेई संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मौके पर लगी सब्जी मंडी और ठेले हटा दिए गए। संपत्ति को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सिटी मजिस्ट्रेट के मुताबिक, शुक्रवार की सुनवाई में सलाहद्दुदीन पक्ष ने संपत्ति को लेकर अपना पक्ष रखा। पहले इस पक्ष की ओर से कहा गया था कि जिस संपत्ति पर सब्जी मंडी लगाई जा रही थी, वह नीलामी से जुड़ी है और उस पर हाईकोर्ट का रोक आदेश है। हालांकि, शुक्रवार को सुनवाई के दौरान सलाहद्दुदीन पक्ष ने बताया कि विवादित संपत्ति नीलामी वाली संपत्ति नहीं है, बल्कि वर्ष 1971 में बैनामे के जरिए खरीदी गई संपत्ति है। वहीं, जितेंद्र पक्ष ने भी बताया कि उन्होंने बैनामे के आधार पर मकान बनाया है और उनके मकान से निकलने वाला रास्ता सब्जी मंडी और ठेलों के कारण बंद हो रहा है। सोमवार को दुकानदार और ठेले वाले भी बुलाए जाएंगे सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि सोमवार को सभी पक्षों को दोबारा सुनवाई के लिए बुलाया गया है। मौके से हटाए गए या खुद वहां से हटे सब्जी मंडी के दुकानदारों और ठेले वालों को भी सुनवाई में बुलाया जाएगा। अधिकारियों की ओर से यह भी देखा जाएगा कि दुकानदारों और ठेले वालों को मौके से किसके द्वारा हटाया गया था। इसके अलावा विवादित संपत्ति से जुड़े अभिलेख और अन्य रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। रिकॉर्ड की जांच के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई सोमवार को उपलब्ध दस्तावेजों और राजस्व रिकॉर्ड की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि जांच के बाद पूरी रिपोर्ट जिलाधिकारी को उपलब्ध कराई जाएगी। इधर, शुक्रवार को बाजार बंद रहा और क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया। गुरुवार को बने तनाव को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके में निगरानी रखी, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)