कौशांबी में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव:जेब में मंगलसूत्र-सिंदूर और लिपस्टिक, 12 बार आया आरूषी नाम से कॉल

Oct 01, 2026 - 11:20
0
कौशांबी में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव:जेब में मंगलसूत्र-सिंदूर और लिपस्टिक, 12 बार आया आरूषी नाम से कॉल
कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र में 29 सितंबर की रात रसूलपुर गिरसा स्थित रेलवे लाइन पर युवक का शव मिलने मिला था। शव की पहचान मकदूमपुर काजी गांव निवासी सुरेश कुमार मौर्य के रूप में हुई है। सुरेश के पिता श्याम लाल मौर्य ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि बेटे की हत्या करने के बाद शव रेलवे ट्रैक पर फेंका गया। वहीं पुलिस रेलवे रिकॉर्ड के आधार पर इसे ट्रेन की चपेट में आने का मामला मान रही है। मौत की वजह पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी। सूरत से 28 सितंबर को घर आया था सुरेश परिजनों के मुताबिक सुरेश सूरत में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था और 28 सितंबर को ही घर आया था। अगले दिन 29 सितंबर की सुबह वह मौसी के घर दशरथपुर बिसारा जाने की बात कहकर निकला था। परिजनों ने मौसी से बात की तो उन्होंने बताया कि सुरेश करीब 10 मिनट बाद वहां से कहीं चला गया था। घटना से करीब 10 घंटे पहले सुरेश ने अपने इंस्टाग्राम पर दो वीडियो भी पोस्ट किए थे। ट्रैक के पास बीयर की कैन, मोबाइल और ईयरफोन मिले घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान रेलवे ट्रैक के पास बीयर की दो कैन, सुरेश का मोबाइल और ईयरफोन मिले। उसकी जेब से पैसे भी मिले हैं। पुलिस अब घटनास्थल से मिले सामान और मोबाइल की जांच कर रही है, ताकि मौत से पहले सुरेश के साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी मिल सके। जेब में मंगलसूत्र, 4 डिब्बी सिंदूर और 2 लिपस्टिक पुलिस जांच में सुरेश की जेब से मिला सामान सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है। उसके पास एक मंगलसूत्र, सिंदूर की चार डिब्बियां और दो लिपस्टिक मिली हैं। सुरेश यह सामान किसके लिए लेकर आया था, पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है। परिवार के मुताबिक घटना के बाद उसके मोबाइल पर 'आरुषि' नाम की लड़की के फोन आ रहे थे। परिजनों के अनुसार करीब 12 बार फोन आया। अब पुलिस कॉल डिटेल और मोबाइल की जांच कर रही है। रेलवे रिकॉर्ड में ट्रेन की चपेट में आने की बात सीओ सिराथू सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि रेलवे रिकॉर्ड के अनुसार युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। जिस मालगाड़ी से घटना हुई, उसके चालक ने शुजातपुर रेलवे स्टेशन पर इसकी सूचना दी थी। हालांकि पिता की ओर से हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल की कॉल डिटेल से आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User